
रायपुर। रक्षाबंधन के अवसर पर भारतीय डाक विभाग ने भाई-बहन के रिश्ते को खास बनाने के लिए राखी स्पेशल गिफ्ट बॉक्स लॉन्च किया है। छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल प्रणव कुमार ने अधिकारियों की मौजूदगी में इस विशेष बॉक्स का शुभारंभ किया। मंगलवार से इसकी बिक्री विशेष काउंटर के जरिए शुरू कर दी गई है।
राखी स्पेशल गिफ्ट बॉक्स की कीमत 520 रुपए रखी गई है। इसमें राखी के साथ अक्षत-कुमकुम, बैज, फ्रिज मैग्नेट, की-रिंग और तीन पिक्चर पोस्टकार्ड शामिल हैं। डाक विभाग के मुताबिक, बॉक्स को इस तरह तैयार किया गया है कि राखी के साथ भाई-बहन अन्य उपहार भी एक ही पैक में भेज सकें।
युवाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया बॉक्स
सीपीएमजी प्रणव कुमार ने बताया कि गिफ्ट बॉक्स को खास तौर पर युवाओं और नई पीढ़ी को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें शामिल तीन पिक्चर पोस्टकार्ड युवाओं के बीच लोकप्रिय हैं। डाक विभाग इस पैक को स्कूलों, गर्ल्स कॉलेज, इंजीनियरिंग संस्थानों और कॉलोनियों तक पहुंचाने की योजना बना रहा है।
राखी भेजने पर 10% छूट
राखी भेजने वाले ग्राहकों के लिए डाक विभाग ने 10 रुपए का व्हाइट प्रूफ एनवलप भी उपलब्ध कराया है। राखी पोस्ट करने वाले भाई-बहनों को 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। विभाग का लक्ष्य है कि त्योहार के दौरान राखियों की बुकिंग और डिलीवरी दोनों प्रक्रिया को आसान बनाया जा सके।
राखी के दिन कोई लिफाफा पेंडिंग नहीं रखने के निर्देश
प्रणव कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राखी की समय पर डिलीवरी में किसी तरह की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि राखी के दिन सुबह तक आरएमएस कार्यालय में राखी का एक भी लिफाफा पेंडिंग नहीं रहना चाहिए।
आरएमएस में पहुंचने वाली सभी राखियों को समय पर संबंधित डाकघरों में भेजा जाएगा। इसके बाद पोस्टमैन को राखी के दिन ही संबंधित पते पर डिलीवरी करने का लक्ष्य दिया गया है। विभाग का प्रयास है कि डिलीवरी के लिए आई कोई भी राखी त्योहार के दिन लंबित न रहे।
रायपुर में जल्द शुरू होगा 24 घंटे पार्सल बुकिंग कियोस्क
डाक विभाग जल्द ही रायपुर में 24 घंटे चलने वाला सेल्फ-सर्विस पार्सल बुकिंग कियोस्क शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसके जरिए ग्राहक बिना कर्मचारी की मदद के खुद पार्सल या लेटर बुक कर सकेंगे। कियोस्क में पूरी प्रक्रिया की जानकारी और आवश्यक दिशा-निर्देश उपलब्ध रहेंगे।
इसे हेडक्वार्टर के बाहर शुरू करने की योजना है, ताकि ग्राहक अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय पार्सल बुक कर सकें।
रविवार को बच्चों के आधार अपडेट की सुविधा
डाक विभाग अब 5 से 15 वर्ष तक के बच्चों के आधार अपडेटेशन पर भी विशेष ध्यान देगा। कामकाजी अभिभावकों की सुविधा के लिए रविवार को हेडक्वार्टर खोलकर बच्चों के आधार अपडेट किए जाएंगे।
इसके अलावा भविष्य में हर सप्ताह एक स्कूल में आधार कैंप लगाने की योजना है। पैरामिलिट्री फोर्स के कैंपों में भी आधार अपडेट के लिए शिविर लगाए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आधार अपडेट के लिए शहर न आना पड़े, इसके लिए पंचायतों के साथ समन्वय कर गांवों में ही आधार एनरोलमेंट और अपडेटेशन की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है।