भिलाई। आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज और मरीजों की भर्ती के नाम पर कथित गड़बड़ी के मामले में दुर्ग के पद्मनाभपुर स्थित वीवाई अस्पताल की जांच रिपोर्ट सामने आ गई है। 16 नवंबर को प्रशासन की छापेमारी के बाद गठित जांच टीम ने कलेक्टर को सौंपी रिपोर्ट में आयुष्मान योजना और नर्सिंग होम एक्ट के नियमों के उल्लंघन से जुड़ी आठ गंभीर खामियां दर्ज की हैं। जांच में आईसीयू में पंजीकृत एमबीबीएस डॉक्टर की अनुपस्थिति, मरीजों की भर्ती में अनियमितता और उपचार संबंधी दस्तावेजों में विसंगतियां सामने आई हैं। जांच रिपोर्ट के मुताबिक, अस्पताल के आईसीयू में कोई पंजीकृत एमबीबीएस डॉक्टर मौजूद नहीं था। महिला मरीजों के वार्ड में पुरुष मरीजों को भी भर्ती किया गया था। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ से संबंधित ड्यूटी रोस्टर भी उपलब्ध नहीं मिला। आयुष्मान पोर्टल पर दर्ज 17 मरीजों की जांच के दौरान तीन मरीज कुंती बाई, सुनीता साहू और दीवान सिंह मौके पर नहीं मिले।
फाइल में दूसरी लैब की रिपोर्ट, मरीजों के बयान भी अलग
जांच के दौरान मरीजों की भर्ती फाइल में वाई डायग्नोसिस सेंटर एंड पैथोलॉजी लेबोरेटरी के दस्तावेज संलग्न मिले, जबकि अस्पताल में इस नाम की कोई लैब संचालित नहीं पाई गई। मरीजों से पूछताछ में उनके बताए लक्षण और मेडिकल फाइल में दर्ज डायग्नोसिस के बीच भी काफी अंतर सामने आया। रिपोर्ट में आईसीयू में भर्ती मरीज सुनीता का सीजर डॉ. विनीता ध्रुवे द्वारा किए जाने का उल्लेख भी किया गया है। इन तमाम बिंदुओं को जांच टीम ने नियमों के उल्लंघन से जुड़ी खामियों के रूप में दर्ज किया है।
खैरागढ़ में अवैध एसएस अस्पताल का संचालन, दुर्ग से बनाया आयुष्मान क्लेम
इस मामले में राजनांदगांव निवासी रोहित की शिकायत पर खैरागढ़ जिले के सीएमएचओ कार्यालय द्वारा कराई गई जांच में भी गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। चार सदस्यीय जांच टीम की रिपोर्ट के अनुसार, वीवाई अस्पताल के संचालक डॉ. विश्वनाथ यादव द्वारा खैरागढ़ जिले के ठेलकाडीह में एसएस अस्पताल के नाम से अवैध रूप से अस्पताल संचालित किया जा रहा था। जांच में सामने आया कि रोहित को भौतिक रूप से ठेलकाडीह स्थित एसएस अस्पताल में भर्ती किया गया था, लेकिन आयुष्मान योजना के रिकॉर्ड में उसका उपचार 12 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक दुर्ग के वीवाई अस्पताल में होना दर्शाया गया। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खैरागढ़ प्रशासन ने एसएस अस्पताल को तत्काल बंद करा दिया है। वहीं, दुर्ग स्थित वीवाई अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई के लिए कलेक्टर और सीएमएचओ को जांच प्रतिवेदन भेजा गया है।
गांव में शिविर लगाकर मुफ्त इलाज का दिया था भरोसा
16 नवंबर को वीवाई अस्पताल में प्रशासन की छापेमारी के दौरान अंबिकापुर के साथ बालोद जिले के कई मरीज भी मिले थे। बालोद के तिर्खेदी निवासी कन्हैया, हरि राव सहित चार मरीजों ने जांच अधिकारियों को बताया कि एक दिन पहले उनके गांव में राजनांदगांव के अपेक्स अस्पताल के नाम से स्वास्थ्य शिविर लगाया गया था। शिविर में मरीजों ने कमर, पैर और घुटनों में दर्द की शिकायत की थी। आरोप है कि शिविर में मौजूद अपेक्स अस्पताल के कर्मचारियों ने दुर्ग के वीवाई अस्पताल को भी अपना अस्पताल बताते हुए वहां मुफ्त इलाज की सुविधा मिलने का भरोसा दिया था। मरीजों ने शिविर में दी गई अपेक्स अस्पताल की पर्चियां भी अधिकारियों को दिखाई थीं।
रोहित का आरोप- कभी वीवाई अस्पताल गया ही नहीं, फिर भी वहीं भर्ती दिखाया
राजनांदगांव जिले के बासुला निवासी रोहित कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि 14 अक्टूबर 2026 को थकान और पीठ दर्द की परेशानी के कारण वह ठेलकाडीह स्थित एसएस अस्पताल गया था। वहां दोपहर करीब 12 बजे आयुष्मान कार्ड के जरिए उसे भर्ती किया गया। शाम को तबीयत में कुछ सुधार होने पर उसने घर जाने की बात कही, जिसके बाद उसे घर से अस्पताल आने-जाने की अनुमति दी गई। रोहित के अनुसार, वह चार दिनों तक घर से ही अस्पताल आता-जाता रहा। बाद में उसे दोबारा बुलाकर अंगूठा लगवाया गया और डिस्चार्ज कर दिया गया। हालांकि, उसे जो डिस्चार्ज पर्ची दी गई, वह वीवाई अस्पताल के नाम से थी। पर्ची में उसे 14 से 20 अक्टूबर तक दुर्ग के वीवाई अस्पताल में भर्ती और सीवियर सेप्सिस से पीड़ित दर्शाया गया था। रोहित का दावा है कि वह कभी वीवाई अस्पताल गया ही नहीं।
सीएमएचओ बोले- खैरागढ़ का अस्पताल बंद, दुर्ग में कार्रवाई के लिए भेजी रिपोर्ट
खैरागढ़ के सीएमएचओ डॉ. अनिल शुक्ला ने बताया कि रोहित की शिकायत पर चार सदस्यीय टीम से जांच कराई गई थी। ठेलकाडीह स्थित अस्पताल को तत्काल बंद करा दिया गया है। दुर्ग के अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई के लिए कलेक्टर और सीएमएचओ को जांच प्रतिवेदन भेजा गया है। वहीं, दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि खैरागढ़ सीएमएचओ कार्यालय की जांच रिपोर्ट में मरीजों के बयानों से संबंधित जानकारी अभी उन्हें प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट मिलने के बाद उसे यहां चल रही कार्रवाई में शामिल किया जाएगा। मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।