19वीं बार रक्तदान कर गोविन्द राम सिन्हा ने पेश की मानवता की मिसाल, जरूरतमंद मरीज के लिए 40 किलोमीटर दूर भिलाई पहुंचे

गुण्डरदेही। जनसेवा का जज्बा और मानवता के प्रति समर्पण हो तो दूरी कभी बाधा नहीं बनती। इसी भावना को चरितार्थ करते हुए बालोद जिले के ग्राम कलंगपुर निवासी गोविन्द राम सिन्हा ने 19वीं बार स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। एक जरूरतमंद मरीज को रक्त की आवश्यकता होने की जानकारी मिलते ही वे लगभग 40 किलोमीटर की दूरी तय कर भिलाई स्थित शंकराचार्य अस्पताल पहुंचे और अपने खर्च पर रक्तदान कर मरीज की मदद के लिए आगे आए। इस पुनीत कार्य में उनके साथ डीलेश्वर प्रसाद साहू ने भी छठवीं बार रक्तदान किया।

गोविन्द राम सिन्हा पूर्व में ग्राम पंचायत कलंगपुर के सरपंच रह चुके हैं। वर्तमान में उनकी पत्नी पुष्पा सिन्हा लगातार दूसरी बार ग्राम पंचायत की सरपंच हैं। इसके साथ ही गोविन्द राम सिन्हा सिन्हा समाज तहसील गुण्डरदेही के मंडलेश्वर के रूप में सामाजिक गतिविधियों और समाजसेवा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। जनप्रतिनिधि की वास्तविक पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि जनता के सुख-दुख में उसकी सहभागिता और जरूरतमंदों के प्रति उसके सेवाभाव से होती है। गोविन्द राम सिन्हा का जीवन इसी विचार का उदाहरण है। वे वर्षों से सामाजिक एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय रहते हुए जरूरतमंद परिवारों के सुख-दुख में सहभागी बनते रहे हैं।

इसी सेवाभाव का परिचय उन्होंने एक बार फिर दिया। जरूरतमंद मरीज को रक्त की आवश्यकता की सूचना मिलते ही उन्होंने तत्परता दिखाई और शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय कलंगपुर की शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डीलेश्वर प्रसाद साहू के साथ भिलाई पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान किया।

19वीं बार रक्तदान करना उनके निरंतर सेवा-संकल्प और मानवता के प्रति समर्पण को दर्शाता है। वहीं डीलेश्वर प्रसाद साहू का छठवीं बार रक्तदान करना भी समाज के लिए प्रेरणादायी है। दोनों ने यह संदेश दिया कि रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद को जीवनदान देने से बड़ा कोई सेवा कार्य नहीं हो सकता। गोविन्द राम सिन्हा का यह सेवाभाव बताता है कि समाज में वास्तविक सम्मान पद और प्रतिष्ठा से नहीं, बल्कि जरूरत के समय किसी के काम आने से मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *