छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रभारी सचिवों का फेरबदल, जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह को मिली जिम्मेदारी; देवेंद्र यादव प्रभार से मुक्त

रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए देशभर में 81 सचिवों की नियुक्ति और जिम्मेदारियों में फेरबदल किया है। इस बदलाव का असर छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन पर भी पड़ा है। अब जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह को छत्तीसगढ़ का प्रभारी सचिव नियुक्त किया गया है। इससे पहले यह जिम्मेदारी विजय जांगिड और एसए संपत कुमार संभाल रहे थे।

AICC की ओर से जारी नई सूची के अनुसार, छत्तीसगढ़ के प्रभारी सचिवों में बदलाव के साथ कुछ नेताओं को अन्य राज्यों की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। छत्तीसगढ़ के नेता कोको पाढ़ी को ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) का प्रभारी सचिव बनाया गया है, जबकि नरेश ठाकुर को गुजरात प्रदेश कांग्रेस की जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं, भिलाई नगर से कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को AICC सचिव की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। वे इससे पहले गुजरात प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सचिव के रूप में काम कर रहे थे। इसके अलावा जरिता लैतफलांग को छत्तीसगढ़ के प्रभार से हटाकर पूर्वोत्तर राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

25 सचिवों और संयुक्त सचिवों की जिम्मेदारियां बदलीं

कांग्रेस संगठन में किए गए इस फेरबदल के तहत विजय जांगिड और एसए संपत कुमार समेत कुल 25 सचिवों एवं संयुक्त सचिवों को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों से मुक्त किया गया है। पार्टी ने मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, असम, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की है।

मीडिया और डिजिटल विभागों में भी बदलाव

राज्यों में संगठनात्मक नियुक्तियों के अलावा कांग्रेस ने संचार, प्रचार-प्रसार, मीडिया, सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया विभागों में भी पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की हैं। कांग्रेस महासचिव एवं सांसद केसी वेणुगोपाल ने नई नियुक्तियों को लेकर आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। पार्टी के अनुसार, सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *