जामगांव आर महाविद्यालय के छात्र मुकेश साहू का MTTS कार्यक्रम के लिए चयन, छत्तीसगढ़ से केवल 4 विद्यार्थियों को मिला अवसर

जामगांव (आर)। जामगांव आर स्थित शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है कि महाविद्यालय के छात्र मुकेश कुमार साहू का प्रतिष्ठित MTTS (Mathematics Training and Talent Search) कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है। यह कार्यक्रम ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (KIIT) में आयोजित किया जाएगा।
बी.एससी. चतुर्थ सेमेस्टर गणित के छात्र मुकेश कुमार साहू का चयन पूरे छत्तीसगढ़ से चयनित केवल चार छात्रों में हुआ है, जिनमें से दुर्ग जिले के दो छात्रों को यह अवसर प्राप्त हुआ है। इसे महाविद्यालय और जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। MTTS कार्यक्रम का उद्देश्य गणित के छात्र-छात्राओं को गणित के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित करना है। लगभग एक माह तक चलने वाले इस कार्यक्रम में छात्रों को उच्च शिक्षा और अनुसंधान के अवसरों से अवगत कराया जाएगा, साथ ही उनकी रुचि, तार्किक विश्लेषण और समस्या समाधान क्षमता का भी विकास किया जाएगा।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने मुकेश कुमार साहू को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय के लिए गर्व की बात है कि यहां के छात्र का चयन इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय कार्यक्रम में हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *