
एक मुट्ठी अन्नदान से बनेगा महाप्रसाद, हजारों शिवभक्तों की सहभागिता का लक्ष्य; यात्रा की व्यवस्थाओं को दिया गया अंतिम रूप
कुम्हारी। सावन माह के तीसरे सोमवार 17 अगस्त को आयोजित होने वाली पाटन-टोलाघाट भव्य बोल बम कांवर यात्रा महोत्सव की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को कुम्हारी के वार्ड क्रमांक-8 स्थित सामुदायिक भवन में बोल बम कांवर यात्रा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के संयोजक एवं प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने की। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पाटन से टोलाघाट तक विशाल एवं भव्य कांवर यात्रा निकाली जाएगी। आयोजन को अधिक सुव्यवस्थित, भव्य और श्रद्धामय बनाने के लिए यात्रा मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सहायता, पेयजल, भोजन, विश्राम स्थल, यातायात, स्वच्छता, प्रचार-प्रसार और स्वयंसेवकों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक दायित्व सौंपे गए।
बैठक में यह भी तय किया गया कि भगवान शिव के नाम पर श्रद्धालुओं से प्राप्त एक मुठ्ठी अन्नदान से महाप्रसाद तैयार किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। नगरपालिका अध्यक्ष एवं समिति की सदस्य मीना वर्मा ने कहा कि कांवर यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, आस्था, अनुशासन, सेवा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष हजारों शिवभक्त “बोल बम” के जयघोष के साथ भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए यात्रा में शामिल होते हैं। इस वर्ष भी यात्रा पाटन स्थित ओग्गर तालाब में विराजमान भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लेकर टोलाघाट के लिए रवाना होगी।
बैठक के अंत में वरिष्ठ भाजपा नेता राकेश पांडेय ने क्षेत्र के सभी सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संगठनों, युवा मंडलों, महिला समूहों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारी बंधुओं, स्वयंसेवकों और शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसी एक समिति का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की आस्था और सामूहिक सहभागिता का महापर्व है। बैठक में जिला महामंत्री दिलीप साहू, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र सिन्हा, सांसद प्रतिनिधि राजू निषाद, एल्डरमैन गोल्डी गोस्वामी, मंडल महामंत्री दीपक चतुर्वेदी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष तृप्ति चंद्राकर, पूर्व पार्षद रागिनी निषाद, मंडल मंत्री योगिता वर्मा, जिला आईटी सेल सह-संयोजक जूही चंद्राकर, पार्षद उमाकांत साहू, शुभम पांडेय, रामप्रकाश गुप्ता, फिंगेश्वर साहू, उद्धव साहू, स्वर्णलता साहू, रीता पांडेय, साधना स्वर्णकार, ओंकार मार्कण्डेय, नीलम बंजारे, ताम्रध्वज साहू सहित बोल बम कांवर यात्रा समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।