धमतरी में EOW की दबिश: अनिल मेडिकल एजेंसी में घंटों जांच, पुराने भ्रष्टाचार मामले से जुड़े दस्तावेज जब्त

धमतरी में EOW की दबिश: अनिल मेडिकल एजेंसी में घंटों जांच, पुराने भ्रष्टाचार मामले से जुड़े दस्तावेज जब्त

स्वास्थ्य संचालनालय से जुड़े पुराने प्रकरण की जांच तेज, अधिकारियों ने जांच जारी होने की कही बात

धमतरी, 25 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शनिवार को आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। ईओडब्ल्यू की टीम ने बस स्टैंड के पास स्थित अनिल मेडिकल एजेंसी पर अचानक दबिश देकर संचालक से कई घंटों तक पूछताछ की। इस दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए। जानकारी के अनुसार, दो वाहनों में पहुंची ईओडब्ल्यू की टीम ने मेडिकल एजेंसी में लंबे समय तक दस्तावेजों की जांच की। अचानक हुई इस कार्रवाई से आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों के बीच चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई स्वास्थ्य संचालनालय से जुड़े एक पुराने भ्रष्टाचार प्रकरण की जांच के तहत की गई है। जांच अधिकारियों ने कारोबारी से जुड़े दस्तावेजों का बारीकी से परीक्षण किया और मामले से संबंधित कई अहम रिकॉर्ड जब्त किए। हालांकि, ईओडब्ल्यू अधिकारियों ने मामले के संबंध में विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और जब्त दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि मेडिकल एजेंसी में कई घंटों तक चली पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के बाद ईओडब्ल्यू टीम आवश्यक फाइलें अपने साथ लेकर रवाना हो गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामले में आगे किन लोगों से पूछताछ होगी या किसी के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *