पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य की आधारशिला हैं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-कीर्ति नायक

पाटन। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका समाज के समग्र विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे केवल शासकीय कर्मचारी नहीं, बल्कि समाज की नींव को सशक्त करने वाली प्रथम शिक्षिका होती हैं। उक्त विचार जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने व्यक्त किए। वे महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जामगांव एम के ग्राम तर्रा में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के क्षमता निर्माण कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं।
श्रीमती नायक ने कहा कि गर्भवती माताओं, धात्री महिलाओं एवं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य तथा प्रारंभिक शिक्षा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका सराहनीय एवं अनुकरणीय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नवीन प्रशिक्षण, सरकारी योजनाओं की अद्यतन जानकारी तथा तकनीकी दक्षता को अपनाकर सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने आगे कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सेतु की भूमिका निभाती हैं। जनपद पंचायत स्तर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान, सुविधा एवं क्षमता संवर्धन हेतु हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रशिक्षण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा अपने अनुभव भी साझा किए गए। कार्यक्रम के समापन अवसर पर श्रीमती कीर्ति नायक ने सभी कार्यकर्ताओं से निष्ठा, समर्पण एवं संवेदनशीलता के साथ दायित्व निर्वहन करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *