जामगांव आर। भगवान श्रीराम की भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक परंपरा को सहेजते हुए ग्राम बोरवाय स्थित राधाकृष्ण मंदिर परिसर में त्रि-दिवसीय श्रीरामचरितमानस गान एवं माघी पुन्नी मेला-2026 का आयोजन 1 फरवरी से 3 फरवरी 2026 तक किया जा रहा है। यह आयोजन प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी भगवान श्रीरामचंद्र जी की असीम कृपा से भव्य एवं गरिमामय रूप में संपन्न होगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ 1 फरवरी रविवार को दोपहर 12 बजे दीप प्रज्वलन एवं उद्घाटन के साथ होगा। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विजय बघेल जी (सांसद, लोकसभा दुर्ग) तथा अध्यक्षता डॉ. दयाराम साहू करेंगे। इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहेंगे। 2 फरवरी सोमवार को अतिथि समागम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, पंचायत प्रतिनिधि एवं विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। इसी दिन रात्रिकालीन आकर्षण के रूप में “दाई के दुलरवा नवरत्न जस झांकी” की विशेष प्रस्तुति पटनर (डोंगरगढ़) दल द्वारा दी जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
कार्यक्रम का समापन 3 फरवरी मंगलवार को समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण के साथ किया जाएगा। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि भूपेश बघेल (पूर्व मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़) होंगे, जबकि अध्यक्षता मान. डॉ. टी.आर. यादव करेंगे। आयोजन समिति के अनुसार तीनों दिनों तक श्रीरामचरितमानस गान की अविरल धारा प्रवाहित होगी, जिसमें आसपास के ग्रामों से मानस मंडलियां भाग लेंगी। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करना है।
यह आयोजन श्रीरामचरितमानस गान आयोजन समिति एवं समस्त ग्रामवासी बोरवाय (जामगांव-आर) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। समिति ने समस्त श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की है।