पुराने विवाद के ताने पर भड़का गुस्सा:भरर के युवक पर प्राणघातक हमला, सिर में लगे 6 टांके; जामगांव आर पुलिस ने दर्ज किया मामला

पुराने विवाद के ताने पर भड़का गुस्सा:भरर के युवक पर प्राणघातक हमला, सिर में लगे 6 टांके; जामगांव आर पुलिस ने दर्ज किया मामला

जामगांव आर । पाटन ब्लॉक के थाना जामगांव आर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भरर निवासी एक युवक के साथ पुराने विवाद को लेकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत उसके साथियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिल ग्राम भरर निवासी प्रार्थी राहुल यादव (पिता रमन यादव) ने जामगांव आर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है कि 14 नवंबर 2026 की शाम करीब 5:50 से 6:00 बजे के बीच वह जामगांव (आर) स्थित ‘अतुल इंटरप्राइजेस’ के पास था। इसी दौरान ग्राम भरर के ही रहने वाले आरोपी यमकेश्वर ढीमर और उसके साथियों ने मिलकर उसका रास्ता रोका और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

प्रार्थी का आरोप है कि आरोपियों ने रायपुर से लोगों को बुलाकर उस पर प्राणघातक हमला किया और उसे चारपहिया वाहन में बैठाकर ले जाने की भी कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला। इस हमले में राहुल के सिर पर गंभीर चोट आई है, जिसमें 6 टांके लगे हैं और कंधे में भी चोटें आई हैं।

दीपावली पर मारे गए ताने से उपजा विवाद

मामले की जानकारी देते हुए जामगांव आर थाना प्रभारी बसंत कुमार बघेल ने बताया कि आरोपी यमकेश्वर ढीमर का प्रार्थी के बड़े भाई के साथ पूर्व में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। दीपावली के समय छोटे भाई राहुल ने गांव में उसी पुराने विवाद को लेकर आरोपी पर ताना मारा था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी यमकेश्वर ढीमर व अन्य के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115 (आवेदन/रिपोर्ट अनुसार 315) और 351 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरोपी ग्राम भरर का निवासी है और वर्तमान में रायपुर में काम करता है, जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *