घोरारी में पुलिस की दबिश,घर में छिपाकर रखी थी 43 लीटर महुआ शराब, ग्राहक तलाश रही महिला गिरफ्तार; न्यायिक रिमांड पर भेजी गई जेल

घोरारी में पुलिस की दबिश,घर में छिपाकर रखी थी 43 लीटर महुआ शराब, ग्राहक तलाश रही महिला गिरफ्तार; न्यायिक रिमांड पर भेजी गई जेल

जामगांव आर। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में रानीतराई थाना पुलिस ने ग्राम घोरारी में कार्रवाई करते हुए घर में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का भंडारण कर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रही एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से 43 लीटर कच्ची महुआ शराब और बिक्री की रकम 450 रुपये जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 6,450 रुपये बताई गई है। गिरफ्तार महिला को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को रानीतराई थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम घोरारी निवासी एक महिला अपने मकान में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने महिला प्रधान आरक्षक सहित टीम गठित कर बताए गए स्थान पर दबिश दी।

पुलिस टीम ने मौके पर मकान की तलाशी ली, जहां 11 सफेद रंग के प्लास्टिक डिब्बों में कुल 43 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। साथ ही शराब बिक्री से प्राप्त 450 रुपये भी जब्त किए गए।

मामले में गिरफ्तार महिला की पहचान ऊषा गायकवाड (35 वर्ष), निवासी ग्राम घोरारी, थाना रानीतराई, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ थाना रानीतराई में अपराध क्रमांक 117/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना रानीतराई के निरीक्षक हुबलाल चंद्राकर, सहायक उप निरीक्षक दिनेश्वर रात्रे, महिला प्रधान आरक्षक चंपा यादव तथा ACCU टीम के आरक्षक दुष्यंत लहरें और वीरनारायण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अवैध शराब कारोबारियों को दुर्ग पुलिस की चेतावनी

दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसी अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *