
जामगांव आर। युवा कबड्डी क्लब एवं ग्रामवासी शक्तिश्वर धाम ओदरागहन के तत्वावधान में आयोजित भव्य कबड्डी प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न गांवों की टीमों ने अपनी खेल प्रतिभा, दमखम और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों के बाद पाहंदा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर शक्तिश्वर कप पर कब्जा जमाया, जबकि मेजबान ओदरागहन की टीम उपविजेता रही। निपानी की टीम ने तीसरा तथा आमदी की टीम ने चौथा स्थान हासिल किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला पंचायत दुर्ग के पूर्व उपाध्यक्ष एवं विधायक प्रतिनिधि अशोक साहू थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सोसायटी अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण गंजीर ने की। विशेष अतिथि के रूप में जनपद प्रतिनिधि भेदप्रकाश वर्मा, उपसरपंच दिलीप हिरवानी सहित अन्य अतिथि एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि अशोक साहू ने शक्तिश्वर धाम को प्रणाम करते हुए कहा कि युवा हमारे देश का भविष्य हैं। खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, समर्पण और टीम भावना का विकास होता है। खेल भावना के साथ निरंतर प्रयास करने से जीवन के हर लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने आयोजन के लिए युवा कबड्डी क्लब एवं ग्रामवासियों को बधाई दी।
जनपद प्रतिनिधि भेदप्रकाश वर्मा ने छत्तीसगढ़ की लोक धरोहर, परंपरा, संस्कृति और पारंपरिक खेलों को सहेजने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में इन गतिविधियों को मिले प्रोत्साहन की सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे लक्ष्मीनारायण गंजीर ने कहा कि ग्राम के युवाओं ने ऐतिहासिक कबड्डी खेल को पुनः जीवंत करने का सराहनीय प्रयास किया है। ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने के साथ ही आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों एवं आयोजकों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
उपसरपंच दिलीप हिरवानी ने प्रतियोगिता में शामिल सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं बाहर से पहुंचे खेल प्रेमियों का स्वागत करते हुए उनके आगमन और शानदार खेल प्रदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता में पाहंदा ने प्रथम, ओदरागहन ने द्वितीय, निपानी ने तृतीय तथा आमदी की टीम ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। कमेंट्री एवं मंच संचालन विजय साहू ने किया।
इस अवसर पर कुलेश्वर साहू, चंद्रहास साहू, चंद्रिका साहू, बोधन साहू, रामनाथ सिन्हा, रमेश साहू, संतोष साहू, राहुल रघुवंशी, गोपी साहू, डीगेश साहू, हेमंत साहू, ओमप्रकाश रघुवंशी, भारत गंजीर, कामता साहू, चिम्मन साहू, इंद्रजीत साहू, मुकेश साहू, रूपेश साहू सहित आयोजन समिति के सदस्य, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।