सेन समाज का वार्षिक अधिवेशन सम्पन्न, लक्ष्मी नारायण सेन पुनः अध्यक्ष निर्वाचित, शिशुपाल सेन बने सचिव

पाटन। छत्तीसगढ़ में निवासरत सेन समाज के मरौद परिक्षेत्र का वार्षिक अधिवेशन ग्राम खुरसेंगा में हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। अधिवेशन में इस वर्ष चुनावी प्रक्रिया भी सम्पन्न कराई गई, जिसमें सर्वसम्मति से लक्ष्मी नारायण सेन (भाठागांव) को पुनः अध्यक्ष निर्वाचित किया गया, जबकि शिशुपाल सेन (कचना) को सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ संत शिरोमणि श्री सेन जी महाराज एवं इष्ट देव बजरंग बली के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिक्षेत्र अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण सेन ने की। अधिवेशन में सामाजिक एवं पारिवारिक समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान पर विचार-विमर्श किया गया।मरौद परिक्षेत्र द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 10वीं एवं 12वीं कक्षा में मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को 501 एवं 801 रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। इससे विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन हुआ।
समाज को संगठित करना प्रमुख उद्देश्य
बैठक में समाज को संगठित और सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिवेशन में मरौद परिक्षेत्र के लगभग सभी ग्रामों से बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। लोगों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं और उनके निराकरण पर सामूहिक निर्णय लिए गए।
महिला और युवाओं को आगे लाने टीम गठित
अधिवेशन में समाज में नवाचार की शुरुआत पर बल देते हुए युवाओं और महिलाओं को मुख्यधारा से जोड़ने का संकल्प लिया गया। युवाओं की विशेष टीम का गठन किया गया तथा महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। समाज को मजबूत बनाने के लिए व्यापक सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय भी लिया गया।
लक्ष्मी नारायण सेन पर समाज ने जताया भरोसा
मरौद परिक्षेत्र को प्रदेश का सबसे बड़ा संगठित क्षेत्र माना जाता है। चुनावी वर्ष में उत्साह और सरगर्मी के बीच समाज ने लक्ष्मी नारायण सेन के पूर्व कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों, सामाजिक गतिविधियों के सफल संचालन एवं नए भवन निर्माण जैसे कार्यों को देखते हुए पुनः उन पर विश्वास जताया और अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी।
नवाचार और सामाजिक गतिविधियों पर रहेगा फोकस
नव निर्वाचित अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण सेन ने समाज को और अधिक संगठित एवं प्रगतिशील बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तर पर संचालित योजनाओं को परिक्षेत्र स्तर तक पहुंचाया जाएगा। सेन जयंती आयोजन, विवाह योग्य युवक-युवतियों का बायोडाटा संकलन, आदर्श विवाह को बढ़ावा, सदस्यता अभियान, रक्तदान शिविर तथा शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में युवाओं को मार्गदर्शन जैसी गतिविधियों को प्राथमिकता दी जाएगी। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष हिराधर सेन, राजिम महासभा अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सेन, हरिराम सेन सहित पंचगण एवं गणमान्य सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अधिवेशन सामाजिक एकता, संगठन और नवाचार के संकल्प के साथ सम्पन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *