रायपुर। भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित सहयोग केंद्र बुधवार को जनसुनवाई का केंद्र बन गया, जब उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा स्वयं कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की समस्याएं सुनने पहुंचे। दोपहर 3 बजे पहुंचे शर्मा देर शाम तक लगातार लोगों से मिलते रहे। सहयोग केंद्र में ऐसा माहौल था मानो किसी बड़े जनदरबार का आयोजन हो। प्रदेश के विभिन्न जिलों से सुबह से ही कार्यकर्ता और आमजन पहुंचने लगे थे। जैसे ही उप मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिली, सहयोग केंद्र में भीड़ बढ़ती चली गई। हर कोई अपनी समस्या सीधे उनके समक्ष रखने को आतुर था। कुल मिलाकर 500 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए।
सड़क, पंचायत सुविधा और भ्रष्टाचार की शिकायतें प्रमुख
ग्राम सिंघाभेड़ी के सरपंच और ग्रामीणों ने वर्षों से लंबित सड़क निर्माण का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि इंदिरा आवास वार्ड-1 में सीसी रोड नहीं होने से बरसात में कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। इसी तरह ग्राम पंचायत बालोद से आए प्रतिनिधियों ने पंचायत भवन के सामने टिन शेड निर्माण की मांग रखी। उनका कहना था कि छायादार व्यवस्था नहीं होने से बैठकों और जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों को असुविधा होती है।
नौकरी के नाम पर ठगी का मामला
बालोद जिले के ग्राम उसरवारा से आए सुपेन्द्र सिंह मंडावी ने रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि नवा रायपुर के एक व्यक्ति ने ग्रुप-डी में नियुक्ति का झांसा देकर कई लोगों से लाखों रुपए वसूले। फर्जी नियुक्ति पत्र जारी कर मेडिकल परीक्षण और ट्रेनिंग भी कराई गई। वेतन नहीं मिलने पर ठगी का खुलासा हुआ।
मौके पर दिए निर्देश
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल फोन कर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।