जामगांव आर । स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय बेल्हारी वि.ख. पाटन में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के स्थानीय वार्षिक परीक्षा परिणाम सोमवार को शाला सभागार में गरिमामय वातावरण में घोषित किए गए। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकगणों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित पालकों ने बच्चों की उपलब्धियों पर हर्ष व्यक्त किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत बेलहरी के उपसरपंच मनीष चंद्राकर रहे, जबकि अध्यक्षता प्राचार्य रीना चौधरी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके पश्चात परीक्षा परिणाम घोषित किए गए और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इंग्लिश माध्यम के कक्षा दूसरी की छात्रा कु दामिनी निषाद ने 100 फीसदी अंक हासिल किया जिन्हे विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समारोह में अध्यक्ष मनीष चंद्राकर ने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि लक्ष्य निर्धारण और ईमानदार प्रयास के साथ माता पिता और गुरुजनों का आशीर्वाद ही सफलता की कुंजी है। प्राचार्य श्रीमती चौधरी ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण और पालकों के सहयोग की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन संस्कृत व्याख्याता श्री योगेंद्र साहू तथा आभार लीलाधर सूर्यवंशी ने किया। इस अवसर पर केके जायसवाल, यु के पटेल, खुशबु मिश्रा, मुकेशवरी ध्रुव, सीके साहू सहित शिक्षक एवं पालकगण उपस्थित रहे।
• इन बच्चो का परिणाम रहा उत्कृष्ट –
घोषित परिणामों के अनुसार कक्षा 1वीं (अंग्रेजी माध्यम) में वाणी साहू (99.33%) प्रथम, यासिका कुर्रे (98.67%) द्वितीय एवं आइरा अख्तर (97.33%) तृतीय स्थान पर रहीं। कक्षा 2वीं में दामिनी निषाद ने 100% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि भाव्या साहू (99.33%) द्वितीय एवं प्रज्ञा साहू (98.67%) तृतीय रहीं। कक्षा 3वीं में अफशा परवीन (94.00%), उपासना (92.00%) एवं लाली (90.50%) ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा 4वीं में तेजल साहू (90.00%) प्रथम, अलीजा अख्तर एवं पलक देवांगन (दोनों 88.00%) संयुक्त द्वितीय तथा युगांत (84.50%) तृतीय रहे। कक्षा 6वीं में न्याशा (86.66%) प्रथम, निखिल (82.00%) द्वितीय एवं खुशी देवांगन (79.33%) तृतीय स्थान पर रहीं। कक्षा 7वीं में लीशा (93.83%) प्रथम, तन्मय (81.66%) द्वितीय एवं प्रियंका (79.83%) तृतीय रहीं। कक्षा 9वीं में नीलम (हिंदी माध्यम) ने 89.44% के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मधु (अंग्रेजी माध्यम) 89.25% के साथ द्वितीय एवं वंदना निषाद (88.37%) तृतीय रहीं। कक्षा 11वीं में हेमलता (कॉमर्स, हिंदी माध्यम) ने 87.48% के साथ प्रथम, धनंजय कुमार साहू (विज्ञान, अंग्रेजी माध्यम) 81.64% के साथ द्वितीय एवं नितिन सिंह (80.62%) तृतीय स्थान पर रहे।