रायपुर में पूर्व विधायक के बेटे ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट नहीं मिला—पुलिस कई एंगल से कर रही जांच

रायपुर, 27 अप्रैल 2026। राजधानी रायपुर के मोवा थाना क्षेत्र में पूर्व विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री रहे धनीराम साहू के पुत्र जय साहू (45) द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मृतक के बड़े भाई भागवत साहू ने पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि जय साहू ने खुद को कमरे में बंद कर लिया था और काफी देर तक दरवाजा नहीं खोल रहे थे। संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया, जहां अंदर जय साहू का शव मिला। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 9 बजे की है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, जय साहू पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी करीब दो सप्ताह पहले घर छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद से वे परेशान थे। वहीं, कुछ लोगों द्वारा संपत्ति विवाद और पारिवारिक तनाव की भी आशंका जताई जा रही है, हालांकि इन तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *