जामगांव आर। पाटन ब्लॉक के सेजस जामगांव आर की कक्षा 9वीं की होनहार छात्रा कु. अमीषा निषाद ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के प्रतिष्ठित ‘युविका’ (युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम) में अपना स्थान बनाया है। यह कार्यक्रम देशभर के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए आयोजित एक विशेष ग्रीष्मकालीन आवासीय प्रशिक्षण है, जिसका उद्देश्य युवाओं में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि जागृत करना और उन्हें वैज्ञानिकों के साथ सीखने का अवसर प्रदान करना है।
बेल्हारी निवासी अमीषा निषाद, पिता उमेश कुमार निषाद एवं माता प्रेमलता निषाद की सुपुत्री हैं। उनका चयन राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित परीक्षा के माध्यम से हुआ है, जो पूरे दुर्ग जिले एवं जामगांव आर शाला परिवार के लिए गौरव का विषय है।
चयनित छात्रा को 10 मई से 22 मई तक आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन स्पेस सेंटर में प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जहां वे अंतरिक्ष विज्ञान, तकनीक एवं उसके विभिन्न अनुप्रयोगों की जानकारी सीधे ISRO के वैज्ञानिकों से हासिल करेंगी।
विद्यालय की प्राचार्य कविता साहू ने अमीषा की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं एटीएल इंचार्ज विनीता सुधीर सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी अमीषा को आगे बढ़ने और वैज्ञानिक बनने के लिए प्रेरित किया। एसएमडीसी के अध्यक्ष अंगेश्वर साहू, सरपंच अमित अग्रवाल एवं उपसरपंच मनीष चंद्राकर ने भी अमीषा निषाद की इस सफलता पर बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।