जामगांव आर। सर्वसेन नाई समाज इकाई तीन, जामगांव (ब्लॉक पाटन, जिला दुर्ग) की वार्षिक बैठक मंगलवार को सेन भवन, जामगांव में संपन्न हुई। बैठक में समाज के वर्षभर के आय–व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया तथा समाज से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर उनके समाधान पर सहमति बनाई गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए अध्यक्ष श्री शेर सिंह श्रीवास ने अपने संबोधन में कहा कि सेन समाज एक संगठित और सेवाभावी समाज है, जो जन्म से लेकर मृत्यु तक समाज की सेवा में निरंतर कार्य करता है। उन्होंने कहा कि समाज को और अधिक सशक्त व एकजुट बनाए रखने के लिए सामाजिक नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है। अध्यक्ष श्रीवास ने सभी सदस्यों से आपसी सहयोग, अनुशासन और एकता के साथ समाजहित में कार्य करने की अपील की।
उन्होंने युवाओं एवं महिलाओं से समाज के कार्यक्रमों और गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि इनके सहयोग से ही समाज प्रगति के पथ पर आगे बढ़ सकता है। बैठक में प्रमुख रूप से उपाध्यक्ष श्री रघुवर सेन, कोषाध्यक्ष श्री योगेश श्रीवास, सचिव श्री संतोष श्रीवास, श्री जालम सिंह, श्री खिलावन सेन, श्री चोवा श्रीवास, श्री महेंद्र सेन, श्री राजू सेन, श्री संजय सेन सहित समाज के सभी सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर आसपास के लगभग 25 गांवों से आए समाजजनों ने बैठक में सहभागिता निभाई।