
अवैध रेत खनन विवाद के दौरान पुलिस-ग्रामीणों में हुई बहस, विभागीय जांच शुरू
बलौदाबाजार। जिले के गिधौरी थाना क्षेत्र में एक ग्रामीण से कथित अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने त्वरित कार्रवाई की है। मामले को गंभीर मानते हुए एएसआई अग्नि प्रधान और कांस्टेबल राजू लकड़ा को लाइन अटैच कर दिया गया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, मामला ग्राम हसुवा बलौदा का है, जहां अवैध रेत खनन में लगे एक ट्रैक्टर से गांव की पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। पाइपलाइन टूटने से नाराज ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को रोककर विरोध जताया। इसी दौरान चालक और गांव के सरपंच द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों के बीच बहस की स्थिति बन गई। घटनाक्रम के दौरान किसी ने वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में एक पुलिसकर्मी ग्रामीण से कहते हुए सुनाई दे रहा है, “तू कौन है, कलेक्टर है, एसपी है, मुख्यमंत्री है कौन है तू?”
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और धमकी भरे अंदाज में बातचीत की। पीड़ित पक्ष द्वारा की गई शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस विभाग ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए दोनों पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो और शिकायत की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच सम्मानजनक संवाद बनाए रखना विभाग की प्राथमिकता है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस को आम नागरिकों के साथ संयमित और संवेदनशील व्यवहार करना चाहिए, ताकि जनता का विश्वास बना रहे। फिलहाल विभागीय जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।