
जामगांव आर । खरीफ फसल की कटाई और उपज घर लाने की तैयारी कर रहे किसानों के लिए बिगड़ा मौसम मुसीबत बनकर सामने आया है। दक्षिण पाटन क्षेत्र में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से हुई बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में पानी भरने, धान की खड़ी फसल गिरने और कटाई के बाद खेतों में रखी फसल के भीगने से भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। क्षेत्र में फसलों को करीब 70 प्रतिशत तक नुकसान होने की आशंका के बीच किसान निराश और हतोत्साहित नजर आ रहे हैं। मौसम में अचानक आए बदलाव से पाटन विकासखंड के विभिन्न गांव प्रभावित हुए हैं। आसमान में घने बादल छाए रहने, तेज हवाओं और बारिश के चलते तापमान में भी करीब 6 से 7 डिग्री तक गिरावट महसूस की गई। धान की कटाई के अहम समय पर मौसम की मार ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
जनप्रतिनिधियों ने गांवों में पहुंचकर लिया फसलों का जायजा
किसानों की परेशानी और फसलों को हुए नुकसान की जानकारी लेने जिला पंचायत दुर्ग के पूर्व उपाध्यक्ष एवं विधायक प्रतिनिधि अशोक साहू, जनपद सदस्य रश्मि भेदप्रकाश वर्मा, अजय साहू, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर तथा उपाध्यक्ष भेष आठे क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने किसानों से चर्चा कर खेतों में पहुंचकर फसलों की स्थिति का जायजा लिया और नुकसान की जानकारी जुटाई। इस दौरान भंसूली, जरवाय, कौही, असोगा, खपरी, निपानी, ओदरागहन और बटरेल सहित आसपास के गांवों का दौरा किया गया। किसानों ने बताया कि लगातार बारिश और खेतों में जलभराव के कारण धान की फसल को नुकसान पहुंचा है। जनप्रतिनिधियों ने शासन-प्रशासन से प्रभावित किसानों के खेतों का जल्द सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।
खेतों में खड़ी और कटी फसल, दोनों पर संकट
ग्राम करेला निवासी किसान सुरेंद्र साहू ने बताया कि इन दिनों खेतों में हरुना धान की कटाई चल रही है। कुछ किसानों की फसल अभी खेतों में खड़ी है, जबकि कई किसान धान काटकर खेतों में ही रखे हुए हैं। बारिश के कारण खड़ी फसल गिरने, धान की बालियों को नुकसान पहुंचने और कटी हुई फसल के भीगकर खराब होने का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि धान में अधिक नमी आने से उसकी गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। इससे उपज के उचित मूल्य पर बिक्री करने में भी किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। पहले ही खेती की लागत और मेहनत के बाद अब मौसम की मार ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेरने की आशंका पैदा कर दी है।
निपानी में छह एकड़ की फसल पानी में डूबी
ग्राम निपानी के सरपंच राजेश ठाकुर ने बताया कि तेज बारिश के चलते उनके स्वयं के छह एकड़ खेत में लगी धान की फसल पानी में डूबी हुई है। गांव के किसान ईश्वर ठाकुर, संतोष ठाकुर और भूपेंद्र सिन्हा ने भी बारिश से हुए नुकसान की जानकारी देते हुए बताया कि गांव के सैकड़ों किसानों की धान की फसल प्रभावित हुई है। इसी तरह ग्राम असोगा के किसान हेमलाल, नारद, अमित, धनंजय वर्मा और डोमन चंद्राकर ने भी अपनी फसल को नुकसान पहुंचने की जानकारी दी। किसानों का कहना है कि फसल तैयार होने के समय मौसम की मार से उनकी आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
तहसीलदार से चर्चा, सर्वे और मुआवजे की मांग
क्षेत्र में फसलों को हुए नुकसान की गंभीरता को देखते हुए विधायक प्रतिनिधि अशोक साहू ने पाटन तहसीलदार मनोज गुप्ता से टेलीफोन पर चर्चा कर प्रभावित गांवों और किसानों की स्थिति से अवगत कराया। तहसीलदार ने संबंधित विभागों को अलर्ट रहने तथा आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। प्रभावित किसानों को राहत दिलाने के लिए जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से खेतों का भौतिक सत्यापन कराकर वास्तविक नुकसान का आकलन करने और नियमानुसार शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।
मौसम खुलने की आस में किसान
धान की फसल पकने और कटाई के महत्वपूर्ण दौर में हुई बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में जलभराव और फसल भीगने से नुकसान की आशंका के बीच किसान अब मौसम खुलने का इंतजार कर रहे हैं। प्रशासन ने भी नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।