रायपुर, 5 अप्रैल 2026। महामंडलेश्वर माँ योग योगेश्वरी यती 8 अप्रैल से 7 दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रायपुर पहुंचेंगी। उनके आगमन को लेकर सनातन समाज में खासा उत्साह देखा जा रहा है। सुबह 10 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। जानकारी देते हुए डा. ओमप्रकाश देवांगन ने बताया कि इस दौरान पूर्णकालिक संघ प्रचारक विजय देवांगन भी उनके साथ रहेंगे। प्रवास के दौरान विभिन्न धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें वे श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन प्रदान करेंगी। माँ योग योगेश्वरी यती जी को सनातन परंपरा की साधिका, दिव्य हीलर और आध्यात्मिक मार्गदर्शक के रूप में जाना जाता है। वे माँ काली की उपासक हैं और भगवान शिव की आराधना में समर्पित रही हैं। उनकी साधना में 12 वर्षों तक अखंड धूना, महामृत्युंजय मंत्र की हवन साधना, दीर्घ मौन व्रत और गंगा-यमुना तटों व हिमालय क्षेत्र में तपस्या शामिल रही है।
प्रवास के दौरान राजीव लोचन श्रीवास्तव के संयोजन में गौसेवा आयोग और योग आयोग के तत्वावधान में एक विशाल कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद वे श्रीराम मंदिर में दर्शन-पूजन कर संध्या आरती में शामिल होंगी। साथ ही योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा के निवास पर रात्रि भोजन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। 9 अप्रैल को वे बिलासपुर और अमरकंटक सहित प्रदेश के विभिन्न स्थानों के प्रवास पर रवाना होंगी। डा. देवांगन ने सनातन समाज के लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर माँ के दर्शन एवं आशीर्वाद का लाभ लें, जिससे उन्हें आध्यात्मिक ऊर्जा और जीवन में नई दिशा प्राप्त हो सके।