पाटन/दुर्ग, 5 अप्रैल 2026। चंद्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय चंद्राकर समाज का 56वां महाधिवेशन 5 अप्रैल को जामगांव (एम) में आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर समाज के लोगों में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में सहभागिता की उम्मीद जताई जा रही है। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्ग राज के अध्यक्ष प्रदीप चंद्राकर करेंगे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर उपस्थित रहेंगे। उपक्षेत्र जामगांव (एम) के अध्यक्ष लोकमनी चंद्राकर ने जानकारी दी कि दूसरे सत्र में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पाटन विधायक भूपेश बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन में समाज के संगठन को मजबूत बनाने, शिक्षा के प्रसार, युवा सशक्तिकरण, महिला उत्थान और आर्थिक उन्नति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गृह मंत्री विजय शर्मा दोपहर 12:30 बजे जामगांव (एम) पहुंचेंगे। इस संबंध में मंत्री निवास से आधिकारिक प्रोटोकॉल भी जारी कर दिया गया है। आयोजकों ने समाज के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।