
भिलाई। छत्तीसगढ़ प्रदेश भारोत्तोलन संघ की विशेष आम सभा और कार्यकारी समिति का चुनाव रविवार को सिविक सेंटर भिलाई स्थित इंडियन कॉफी हाउस में हुआ। चुनाव में सर्वसम्मति से अरविंदर खुराना को छत्तीसगढ़ प्रदेश भारोत्तोलन संघ का नया प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। डॉ. राजेश जंघेल को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल रहे। चुनाव प्रक्रिया में पर्यवेक्षक के रूप में शशि बघेल, शैलेंद्र जोशी, बुधराम सारंग, मनोज मित्रा और अजय श्रीवास्तव मौजूद रहे।
सर्वसम्मति से चुनी गई नई कार्यकारिणी
बैठक में अन्य पदाधिकारियों का भी सर्वसम्मति से चयन किया गया। घनश्याम जंघेल और अनिता सिंदे को उपाध्यक्ष बनाया गया। डॉ. राजेश जंघेल सचिव, जबकि अशोक कुमार साहू और माधुरी साहू को सह सचिव की जिम्मेदारी दी गई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अरविंदर खुराना ने नई जिम्मेदारी के लिए सांसद विजय बघेल और संघ के सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संघ को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाते हुए खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
‘एकजुटता और टीम भावना से काम करने की जरूरत’
सांसद विजय बघेल ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश भारोत्तोलन संघ में एकजुटता और टीम भावना के साथ काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का लक्ष्य एक ही होता है कि राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन हो। पिछले कार्यकाल में भी संघ के प्रयासों से खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। आने वाले समय में खिलाड़ियों को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी प्रतिभा को निखारने पर ध्यान देना चाहिए।
‘छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव’
सांसद बघेल ने कहा कि देश के खिलाड़ी आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ की बेटियों ने भी खेल के क्षेत्र में प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विशेष रूप से भारोत्तोलक ज्ञानेश्वरी यादव का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे खिलाड़ियों की उपलब्धियां प्रदेश के युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
‘प्रधानमंत्री का खिलाड़ियों से संवाद बढ़ाता है मनोबल’
विजय बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खिलाड़ियों से जिस आत्मीयता और पिता तुल्य भाव से संवाद करते हैं, उससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ज्ञानेश्वरी यादव से भी आत्मीयता के साथ बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि देश में जहां जैसी खेल सुविधाएं उपलब्ध हैं, वहां के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ रहे हैं। ऐसे में खेल संघों की जिम्मेदारी है कि वे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और प्रतियोगिताओं के लिए उचित अवसर उपलब्ध कराएं। नई कार्यकारिणी के गठन के साथ छत्तीसगढ़ प्रदेश भारोत्तोलन संघ के सामने खिलाड़ियों की प्रतिभा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने तथा राज्य में भारोत्तोलन को और मजबूत करने की जिम्मेदारी होगी।