कमिश्नरी सिस्टम लागू होते ही एक्शन में रायपुर पुलिस, सड़कों पर उतरे अफसर; हिस्ट्रीशीटरों की परेड, बिना नंबर प्लेट वाहनों पर सख्ती

रायपुर। रायपुर शहर में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होते ही पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों में भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से शहर के सभी जोनों में लगातार सघन और सख्त कार्रवाई की जा रही है। रविवार को मध्य जोन में विजिबल पुलिसिंग के तहत पैदल पेट्रोलिंग और संदिग्ध चेकिंग अभियान चलाया गया। यह पेट्रोलिंग जयस्तंभ चौक से शुरू होकर मालवीय रोड, सदर बाजार, तात्यापारा, पुरानी बस्ती, बूढ़ेश्वर चौक, चांदनी चौक, कालीबाड़ी चौक तक की गई। अभियान में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल, एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा, एसीपी सिविल लाइन रमाकांत साहू सहित करीब 20 अधिकारी और जवान शामिल रहे। पेट्रोलिंग के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से दुकान लगाने वालों को यातायात बाधित न करने की समझाइश दी गई। वहीं अड्डेबाजी करने वालों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई। बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों को जब्त कर संबंधित थानों भेजा गया।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर शहरभर में निगरानी बदमाशों, हिस्ट्रीशीटरों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया गया है। नॉर्थ जोन क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के निर्देशन में निगरानी बदमाशों और हिस्ट्रीशीटरों की परेड कराई गई। यह परेड पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस आयुक्त कार्यालय में आयोजित की गई, जिसमें चिन्हित गुंडा-बदमाशों को तलब किया गया।
परेड के दौरान सभी हिस्ट्रीशीटरों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इसी तरह पश्चिम जोन में भी सघन चेकिंग और कांबिंग अभियान चलाया गया। डीसीपी (वेस्ट) संदीप पटेल के नेतृत्व में कबीर नगर, टिकरापारा, संजय नगर और संतोषी नगर क्षेत्रों में गुंडा-बदमाशों और निगरानी बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की गई। मोहबा बाजार चौक पर मोबाइल चेक प्वाइंट लगाकर वाहनों की गहन जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कमिश्नरेट प्रणाली के तहत इस तरह के विजिबल पुलिसिंग, चेकिंग और अपराध नियंत्रण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *