रायपुर/बिलासपुर। देश के साथ छत्तीसगढ़ में भी 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में राज्यपाल रामेन डेका ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर जिला मुख्यालय के पुलिस ग्राउंड में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बिलासपुर में ध्वजारोहण करने वाले राज्य के दूसरे मुख्यमंत्री बने। इससे पहले छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के बाद पहले मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने वर्ष 2001 से 2003 तक गणतंत्र दिवस पर बिलासपुर में ही तिरंगा फहराया था।
मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस बल को राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर विशेष पदक प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नक्सलवाद अब अंतिम चरण में है और मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को पूरी तरह नक्सलमुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। सरेंडर कर चुके नक्सलियों के पुनर्वास, बस्तर कैफे और नियद नेल्ला नार योजना के माध्यम से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेज किया जाएगा।
इधर, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बस्तर जिला मुख्यालय में तथा उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सरगुजा जिला मुख्यालय में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। जांजगीर-चांपा में मंत्री ओपी चौधरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। दुर्ग में गणतंत्र दिवस के अवसर पर साइंस कॉलेज से प्रभात रैली निकाली गई। रैली में कॉलेज के प्राचार्य, स्टाफ और एनसीसी कैडेट्स ने भाग लेकर देशभक्ति का संदेश दिया। पूरे प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों, परेड और आयोजनों के साथ गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया।