चलती स्कूटी पर लेटकर की खतरनाक स्टंटबाजी, VIDEO वायरल होते ही 5 हजार का चालान; युवक जेल भेजा गया

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में किरंदुल-बचेली मार्ग पर एक युवक द्वारा चलती स्कूटी पर लेटकर और हैंडल पर पैर रखकर खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक पर 5 हजार रुपए का चालान काटा और उसे जेल भेज दिया। मामला बचेली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार युवक तेज रफ्तार स्कूटी (CG-18N-8959) पर लेट गया था और हैंडल पर पैर रखकर वाहन चला रहा था। वह बिना हाथ लगाए पैर से ही स्कूटी नियंत्रित कर रहा था, जिससे सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की जान जोखिम में पड़ गई।

राहगीर ने बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक सड़क के बीचों-बीच लापरवाही से स्टंट कर रहा था। इस दौरान एक राहगीर ने उसका वीडियो बना लिया, जो कुछ ही समय में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो के आधार पर पुलिस ने वाहन नंबर से आरोपी की पहचान की। युवक की पहचान रमन चलान (27) के रूप में हुई है। वह ओडिशा के कालाहांडी जिले के कोकसरा थाना क्षेत्र अंतर्गत खपरमाल का निवासी है और वर्तमान में बचेली के वार्ड नंबर 9, लेबर हाटमेंट कॉलोनी में रह रहा था।

पुलिस की सख्त कार्रवाई

वायरल वीडियो की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 5 हजार रुपए का चालान किया और उसे जेल भेज दिया। साथ ही अन्य युवाओं को इस तरह की खतरनाक स्टंटबाजी से दूर रहने की समझाइश दी गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरके बर्मन ने कहा कि सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि गंभीर सड़क हादसों का कारण भी बन सकती है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोअर्स पाने के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लगातार बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *