CM के स्वागत में चूक पर भड़के विधानसभा अध्यक्ष, मंच से अफसरों की लगाई क्लास, बोले -मुख्यमंत्री की गरिमा के अनुरूप नहीं थी व्यवस्था

CM के स्वागत में चूक पर भड़के विधानसभा अध्यक्ष, मंच से अफसरों की लगाई क्लास, बोले -मुख्यमंत्री की गरिमा के अनुरूप नहीं थी व्यवस्था

प्रोटोकॉल उल्लंघन पर डॉ. रमन सिंह नाराज
बेमेतरा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कार्यक्रम में कथित प्रोटोकॉल चूक को लेकर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने जिला प्रशासन पर खुलकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने मंच से अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के स्वागत और कार्यक्रम व्यवस्था में गंभीर लापरवाही बरती गई है। बेमेतरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के स्वागत में निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन होना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का स्वागत पीछे की ओर से किया गया, जो उनकी गरिमा के अनुरूप नहीं है।

विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे संबंधित अधिकारियों को प्रोटोकॉल और प्रशासनिक नियमों की पर्याप्त जानकारी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में इस प्रकार की चूक किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
डॉ. रमन सिंह की नाराजगी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने खुलकर दिखाई दी। उन्होंने प्रशासन को भविष्य में ऐसी लापरवाही से बचने की चेतावनी देते हुए व्यवस्थाओं में सुधार की नसीहत दी।
घटना के बाद पूरे कार्यक्रम में इस मुद्दे की चर्चा होती रही। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में हुई इस कथित चूक ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं और प्रोटोकॉल पालन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *