शहीद डोमेश्वर साहू महाविद्यालय जामगांव आर में ‘ठोस अपशिष्ट प्रबंधन’ पर जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को मिला स्वच्छता का संदेश

जामगांव (आर)। शासकीय शहीद डोमेश्वर साहू महाविद्यालय, जामगांव (आर) में 19 मार्च 2026 को “ठोस अपशिष्ट प्रबंधन” विषय पर व्याख्यान, प्रश्नोत्तरी एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने की। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ठोस अपशिष्ट का उचित प्रबंधन अत्यंत आवश्यक है तथा प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह कचरे का पृथक्करण एवं पुनर्चक्रण को अपनाए।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. एस. के. पांडेय द्वारा किया गया। विषय विशेषज्ञ के रूप में श्री मनीष कुमार साहू एवं डॉ. लता मारकंडे ने ठोस अपशिष्ट के प्रकार, उसके दुष्प्रभाव तथा वैज्ञानिक प्रबंधन की विधियों पर विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तरी एवं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रश्नोत्तरी में मुकेश कुमार (बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि चांदनी (बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर) द्वितीय स्थान पर रहीं। भाषण प्रतियोगिता में जयश्री (बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर) ने प्रथम एवं खुशी धनकर (बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सभी ने सामूहिक संकल्प लिया। महाविद्यालय परिवार ने ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थी, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *