पाटन। जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक ने हिंदू नव वर्ष एवं चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि हिंदू नव वर्ष नव ऊर्जा, नव उत्साह एवं नव सृजन का प्रतीक है, जो समाज को नई दिशा, नई सोच और सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। वहीं चैत्र नवरात्रि का पर्व आस्था, श्रद्धा एवं शक्ति साधना का महान उत्सव है, जो मानव जीवन में आत्मबल, संयम एवं आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करता है। श्रीमती नायक ने माता रानी एवं प्रभु श्री रामचंद्र जी से प्रार्थना करते हुए कहा कि उनकी कृपा से क्षेत्र के प्रत्येक परिवार में सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली का वास हो तथा सभी के जीवन में उन्नति एवं सफलता के नए द्वार खुलें।
उन्होंने आगे कहा कि यह पावन अवसर सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव एवं जनकल्याण के संकल्प को सशक्त करने का भी अवसर है। सभी को एकजुट होकर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास एवं प्रगति के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए, ताकि क्षेत्र नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सके।