स्वच्छता और साक्षरता के संदेश के साथ शुरू हुआ सेवा पखवाड़ा : उल्लास ऐप जानकारी व कौशल विकास के साथ जामगांव आर कालेज में जागरूकता सप्ताह

जामगांव आर। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय जामगांव आर में साक्षरता जागरूकता अभियान के अंतर्गत विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आयोजित इस साप्ताहिक कार्यक्रम की शुरुआत साक्षरता जागरूकता रैली से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने शिक्षा के महत्व को जन-जन तक पहुँचाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत “उच्च शिक्षा में महिलाओं की कम भागीदारी” विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं ने शिक्षा क्षेत्र में आने वाली बाधाओं और अपने अनुभव साझा किए। इसी क्रम में निबंध और नारा प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।

डॉ. अग्रवाल ने महिला शिक्षा को देश के विकास की आधारभूत आवश्यकता बताते हुए विद्यार्थियों को केंद्र सरकार द्वारा जारी ‘उल्लास ऐप’ की जानकारी दी। इस ऐप की मदद से विद्यार्थी किसी भी परिस्थिति या आयु में शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं और शैक्षिक गतिविधियों में मूल्यांकन कर सकते हैं। कई विद्यार्थियों ने इसे अपने मोबाइल में डाउनलोड भी किया।

विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा पखवाड़ा की शुरुआत की गई। रासेयो के विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान चलाकर महाविद्यालय परिसर में श्रमदान किया। वहीं वाणिज्य विभाग के विद्यार्थियों को कौशल विकास व उद्यमिता विषय पर जानकारी देकर स्वावलंबन की दिशा में प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन रासेयो प्रभारी श्रीमती चेतना सोनी ने किया तथा महाविद्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों और नए स्वयंसेवकों के सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *