5 से 15 हजार के कमीशन में बेच दिए बैंक खाते, साइबर ठगी के 9 आरोपी गिरफ्तार; दुर्ग में अब तक 349 पर कार्रवाई

5 से 15 हजार के कमीशन में बेच दिए बैंक खाते, साइबर ठगी के 9 आरोपी गिरफ्तार; दुर्ग में अब तक 349 पर कार्रवाई

दुर्ग। चंद हजार रुपए के कमीशन का लालच दुर्ग के 9 लोगों को साइबर अपराधियों का मददगार बना गया। ऑनलाइन ठगी की रकम का लेन-देन करने के लिए आरोपियों ने अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और सिम कार्ड साइबर ठगों को सौंप दिए थे। इसके बदले उन्हें 5 हजार से 15 हजार रुपए तक कमीशन मिलता था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी 9 खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। इस अभियान के तहत जिले में अब तक 349 खाताधारकों और एजेंटों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस के मुताबिक, साइबर अपराधी म्यूल बैंक खातों के जरिए ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करते हैं, ताकि रकम के वास्तविक स्रोत और आरोपियों की पहचान छिपाई जा सके। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार लोगों ने एजेंटों के माध्यम से अपने बैंक खाते और उनसे जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराए थे। इन खातों के जरिए लाखों रुपए की साइबर ठगी की रकम का लेन-देन किया गया।

म्यूल खातों के खिलाफ अभियान, 3,162 खातों पर कार्रवाई

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर दुर्ग जिले में साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अब तक कुल 3,322 बैंक खातों की जांच की गई है। इनमें से 3,162 खातों पर कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, 1,668 खातों से जुड़े मामलों में अपराध दर्ज किए गए हैं, जबकि 618 खातों को जांच के बाद बंद कराया गया है। अभी 876 खातों पर कार्रवाई की प्रक्रिया बाकी है। अभियान के तहत अब तक 63 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें 349 खाताधारकों और एजेंटों के अलावा 2 बैंक अधिकारियों की भी गिरफ्तारी हो चुकी है।

तकनीकी साक्ष्यों से हुई 9 खाताधारकों की पहचान

भिलाई नगर थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने बैंक खातों के विश्लेषण और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 20 नवंबर को 9 खाताधारकों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की। जांच में पता चला कि आरोपी अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक और सिम कार्ड दूसरे लोगों को उपलब्ध करा रहे थे। इसके बदले उन्हें निश्चित रकम कमीशन के रूप में दी जाती थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। मामले में साइबर ठगी की रकम के लेन-देन और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में 21 से 55 वर्ष तक के लोग शामिल

इस कार्रवाई में टेकेश्वर साहू (21), रौनक अग्रवाल (23), तीरथ राम ठाकुर (33), राजीव कुमार (23), प्रदीप कुमार (27), इन्द्रजीत सिंह (23), नीलेश चक्रधारी (23), परमजीत सिंह (55) और गुरमेल सिंह (36) को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी दुर्ग जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।

खाता उपलब्ध कराना भी बन सकता है साइबर अपराध में फंसने की वजह

पुलिस ने आम नागरिकों को आगाह किया है कि थोड़े से कमीशन या लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और बैंक से जुड़े दस्तावेज किसी अन्य व्यक्ति को उपलब्ध न कराएं। ऐसे खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में होने पर खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं। पुलिस का कहना है कि म्यूल बैंक खातों के जरिए साइबर अपराधियों तक पहुंचने और ठगी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *