दुर्ग की जरवाय सहकारी समिति में 42 किसानों के KCC चेक में फर्जीवाड़े का आरोप, कंप्यूटर ऑपरेटर पर FIR

दुर्ग। दुर्ग जिले की सेवा सहकारी समिति जरवाय में किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) चेक से जुड़ा कथित फर्जीवाड़ा सामने आया है। समिति के कंप्यूटर ऑपरेटर पुराणिक साहू पर तत्कालीन समिति प्रबंधक की सील का इस्तेमाल कर 42 किसानों के चेक पर स्वयं हस्ताक्षर करने का आरोप लगा है। इसके अलावा एक किसान को निर्धारित सीमा से अधिक खाद दिलाने के लिए भी कथित रूप से नियम विरुद्ध चेक जारी किया गया। सहकारिता विभाग की जांच और शिकायत के बाद रानीतराई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार, पुराणिक साहू पहले सेवा सहकारी समिति मर्यादित केसरा में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर पदस्थ था। समिति के पुनर्गठन के बाद उसकी तैनाती जरवाय समिति में की गई थी। आरोप है कि 24 अप्रैल 2026 को उसने 42 किसानों के KCC चेक जारी किए। नियमानुसार चेक पर समिति प्रबंधक की सील के ऊपर प्रबंधक के हस्ताक्षर होना आवश्यक था, लेकिन आरोप है कि पुराणिक साहू ने कार्यालय में रखी तत्कालीन समिति प्रबंधक टिकेश्वर यादव की सील लगाकर स्वयं हस्ताक्षर कर दिए।

एक किसान को अधिक खाद देने के लिए भी जारी किया कथित फर्जी चेक

मामले में 25 जून 2026 की एक अन्य घटना का भी उल्लेख किया गया है। शिकायत के मुताबिक जरवाय निवासी किसान शत्रुहन लाल को निर्धारित सीमा से अधिक खाद वितरण के लिए नियम विरुद्ध चेक जारी किया गया था। इसकी जानकारी मिलने पर तत्कालीन समिति प्रबंधक टिकेश्वर यादव ने प्राधिकृत अधिकारी अमित श्रीवास्तव को लिखित सूचना दी थी। इस मामले में ग्रामीणों की ओर से भी संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई थी।

नोटिस के जवाब में 42 चेकों पर हस्ताक्षर की बात स्वीकारने का दावा

शिकायत के अनुसार, मामले में कंप्यूटर ऑपरेटर पुराणिक साहू को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। विभागीय शिकायत में दावा किया गया है कि नोटिस के जवाब में उसने 42 KCC चेकों पर स्वयं हस्ताक्षर करने और अलग-अलग किसानों के नाम से चेक जारी करने की बात स्वीकार की थी। साथ ही शत्रुहन लाल को निर्धारित सीमा से अधिक खाद के लिए चेक जारी करने का भी उल्लेख किया गया था। हालांकि, इन तथ्यों की पुष्टि अब पुलिस जांच में की जानी है।

शिकायतों के बाद मूल समिति केसरा भेजा गया ऑपरेटर

लगातार शिकायतें मिलने के बाद संयुक्त आयुक्त सहकारिता संभाग दुर्ग के आदेश के पालन में समिति बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। इसके बाद पुराणिक साहू को जरवाय समिति से हटाकर उसकी मूल समिति केसरा वापस भेज दिया गया। सहकारिता विभाग के उपायुक्त सतीश पाटले ने 17 नवंबर 2026 को पत्र जारी कर मामले में आपराधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

17 पेज की जांच रिपोर्ट के साथ थाने पहुंचा समिति प्रबंधन

18 नवंबर 2026 को प्रभारी समिति प्रबंधक महेंद्र चक्रधारी, वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक खगेश देशमुख और सहकारिता विस्तार अधिकारी भूपेंद्र चंद्रवंशी के साथ रानीतराई थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत के साथ KCC चेक की प्रतियां, 17 पेज का जांच प्रतिवेदन और धनादेश भुगतान संबंधी सूचना पत्र सौंपे।दस्तावेजों के परीक्षण के बाद रानीतराई पुलिस ने पुराणिक साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316, 318, 336(3) और 338 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब 42 चेकों, हस्ताक्षरों, समिति की सील के इस्तेमाल और संबंधित वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। जांच में यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि कथित फर्जीवाड़े से किसानों या समिति को कितना आर्थिक नुकसान हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *