दुर्ग में भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ की बैठक, सहकारिता की योजनाएं जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प; कौशिक बोले- दुर्ग हमेशा अग्रणी रहा

दुर्ग।bभारतीय जनता पार्टी सहकारिता प्रकोष्ठ की जिला स्तरीय कार्यसमिति बैठक जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में सहकारिता के क्षेत्र में संगठन की भूमिका, किसानों और आम नागरिकों को सहकारी संस्थाओं के माध्यम से मिलने वाले लाभ तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने सहकारिता के कार्यों और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने का संकल्प लिया। बैठक में जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन, सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक श्यामलाल साहू, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य महेंद्र शर्मा, दिलीप देशमुख, डॉ. भारती साहू, फत्तेलाल वर्मा और रूप सिंह सिन्हा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सहकारिता के क्षेत्र में दुर्ग की भूमिका हमेशा अग्रणी रही: कौशिक

जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में अपने कार्यों और सक्रियता के लिए दुर्ग जिला हमेशा अग्रणी रहा है। सहकारिता केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि आपसी सहयोग और सामूहिक प्रयासों से विकास का मजबूत माध्यम है। इसके जरिए समाज के विभिन्न वर्गों को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सरकार की योजनाओं और सहकारिता के मूल उद्देश्यों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए सक्रियता से कार्य करें। संगठन को मजबूत बनाने के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।

किसानों और ग्रामीणों के आर्थिक सशक्तीकरण का आधार है सहकारिता

जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन ने कहा कि सहकारिता किसानों, ग्रामीणों और आम नागरिकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। सहकारी संस्थाओं को मजबूत बनाने, उनकी कार्यप्रणाली में सुधार लाने और अधिक से अधिक लोगों को सहकारिता से जोड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने और आपसी समन्वय के साथ जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि सहकारिता से जुड़ी योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाए, ताकि किसान और आम नागरिक सहकारी संस्थाओं के माध्यम से मिलने वाले लाभों का अधिकाधिक उपयोग कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *