हर पंचायत तक बैंकिंग सुविधा : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बड़ा ऐलान, अपेक्स बैंक की नई शाखा का वर्चुअल शुभारंभ

रायपुर | छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घोषणा की है कि आगामी राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस तक प्रदेश की हर ग्राम पंचायत में बैंकिंग सुविधा उपलब्ध होगी। यह घोषणा उन्होंने रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) के नवनियुक्त प्राधिकृत अधिकारी केदारनाथ गुप्ता के पदभार ग्रहण समारोह में की। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में जशपुर जिले के फरसाबहार में अपेक्स बैंक की एक नई शाखा का वर्चुअल उद्घाटन भी किया और इसे किसानों के लिए राहत भरी पहल बताया।

पंचायत भवनों में खुलेंगे डिजिटल बैंकिंग केंद्र

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रदेश के 1,460 पंचायत भवनों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं, जहां ग्रामीणों को बैंकिंग की सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले महीनों में यह सुविधा प्रदेश की सभी पंचायतों तक विस्तारित की जाएगी, जिससे किसानों को 50-60 किलोमीटर दूर बैंक नहीं जाना पड़ेगा।

सहकार से समृद्धि का संकल्प

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह का हवाला देते हुए कहा कि “सहकार से समृद्धि” के मंत्र को छत्तीसगढ़ में साकार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सहकारिता के क्षेत्र में मजबूती लाने के लिए राज्य सरकार ने नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) के साथ मिलकर दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की योजना शुरू की है। पायलट प्रोजेक्ट के अंतर्गत छह जिलों में लाभार्थियों को दो-दो दुधारू गायें वितरित की जा रही हैं।

मजगांव डॉक शिपबिल्डर्स की CSR पहल

कार्यक्रम में मजगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड ने अपनी CSR गतिविधियों के अंतर्गत सत्य साईं हृदय चिकित्सालय रायपुर को 2.25 करोड़ रुपए की सहायता राशि प्रदान की। मुख्यमंत्री ने इसे एक पुनीत कार्य बताते हुए कंपनी का आभार व्यक्त किया।

सहकारिता के पुरोधाओं को श्रद्धांजलि

पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ में सहकारिता आंदोलन के जनक वामनराव लाखे और ठाकुर प्यारेलाल को याद किया। उन्होंने बताया कि उनके प्रयासों से सहकारिता का बीजारोपण हुआ और आज यह एक मजबूत व्यवस्था बन चुकी है।

मंत्री केदार कश्यप का बयान

सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री साय किसानों की समृद्धि को लेकर गंभीर हैं और उनके नेतृत्व में प्रदेश सहकारिता के क्षेत्र में एक नया अध्याय लिखेगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष 149 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी 2,739 उपार्जन केंद्रों से की गई है। साथ ही 711 सहकारी समितियों का गठन हुआ है और 530 नई समितियों का गठन किया जा रहा है।

प्राधिकृत अधिकारी का संकल्प

नवनियुक्त अपेक्स बैंक प्राधिकृत अधिकारी केदारनाथ गुप्ता ने आश्वस्त किया कि वे हर महीने कार्य योजना तैयार करेंगे, उसकी समीक्षा होगी और सहकारिता के क्षेत्र को हर साल एक स्तर ऊपर ले जाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *