“सुकमा में नक्सली मुठभेड़ : 5 लाख के इनामी एलओएस कमांडर बामन ढेर, शहीद ASP को जवानों की श्रद्धांजलि”

सुकमा | छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। कुकानार थाना क्षेत्र के पुसगुन्ना जंगल में हुई मुठभेड़ में कटेकल्याण एरिया कमेटी के दो नक्सली मारे गए। इनमें एक की पहचान पेदारास एलओएस कमांडर बामन के रूप में हुई है, जिस पर पांच लाख रुपए का इनाम घोषित था। बामन लंबे समय से तेंदूपत्ता संग्राहकों से लेवी वसूल रहा था, जिससे नक्सल गतिविधियों को आर्थिक मदद मिलती थी। बामन की इस वसूली की जानकारी सुरक्षा एजेंसियों को एक महीने पहले ही मिल गई थी, जिसके बाद से वह फोर्स के रडार पर था।

शहीद ASP की टारगेट लिस्ट में था बामन
सोमवार को कोंटा के ढोंडरा में IED विस्फोट में शहीद हुए ASP आकाश राव की टारगेट लिस्ट में भी बामन शामिल था। उनकी शहादत के महज तीन दिन बाद सुरक्षाबलों ने इस मुठभेड़ में बामन को मार गिराकर एक तरह से उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

महिला नक्सली भी मारी गई, हथियार बरामद
मुठभेड़ में एक महिला नक्सली भी मारी गई है, जिसकी पहचान की जा रही है। जवानों ने घटनास्थल से एक इंसास राइफल और एक 12 बोर बंदूक भी बरामद की है।

मुठभेड़ का पूरा घटनाक्रम
पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि कटेकल्याण एरिया कमेटी के नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद जिला बल और डीआरजी की टीम को रवाना किया गया। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे डुमनपारा और पुसगुन्ना के जंगलों में मुठभेड़ शुरू हुई, जो शाम 5.30 बजे तक चली।

एसपी किरण चव्हाण ने कहा:
“नक्सली लगातार तेंदूपत्ता संग्राहकों से लेवी वसूल कर इलाके में दहशत फैला रहे थे। समय रहते कार्रवाई कर दो नक्सलियों को मार गिराया गया है। ऑपरेशन अब भी जारी है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *