जगदलपुर में पहली बार ‘बस्तर राइडर्स मीट 2026’: देशभर के बाइकर्स जुटेंगे, संस्कृति और पर्यटन को मिलेगा नया मंच

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर में आगामी 4 अप्रैल 2026 को पहली बार ‘गरुड़ा द राइडर्स क्लब’ द्वारा ‘बस्तर राइडर्स मीट 2026’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस अनूठे आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से बाइक राइडर्स और राइडिंग के शौकीन लोग हिस्सा लेंगे, जिससे शहर में उत्साह का माहौल बनने लगा है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य बस्तर की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक खानपान और वेशभूषा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। इसके साथ ही देशभर से आने वाले राइडर्स को बस्तर के प्राकृतिक सौंदर्य और प्रमुख पर्यटन स्थलों से परिचित कराया जाएगा। आयोजन समिति ने इसके लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से विशेष ‘बस्तर दर्शन’ कार्यक्रम भी तैयार किया है।

सुरक्षित राइडिंग का दिया जाएगा संदेश
कार्यक्रम के दौरान बाइकर्स यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूकता फैलाएंगे और सुरक्षित राइडिंग के फायदे बताएंगे। साथ ही अनुभवी राइडर्स अपने अनुभव साझा कर युवाओं को प्रेरित करेंगे।

ये होंगे खास आकर्षण
आयोजन में कई आकर्षक गतिविधियां शामिल की गई हैं—

  • बाइक शो और प्रदर्शनी में विभिन्न ब्रांड की आकर्षक बाइकों का प्रदर्शन
  • राइडिंग शो में कुशल राइडर्स द्वारा रोमांचक स्टंट
  • सर्वश्रेष्ठ मॉडिफाइड, विंटेज और सुपरबाइक के लिए पुरस्कार
  • ‘बस्तर टैलेंट शोकेस’ में स्थानीय कलाकारों और संगीतकारों की प्रस्तुति
  • सांस्कृतिक फूड फेस्टिवल में बस्तर के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद

आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम न केवल बाइक प्रेमियों के लिए, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं और बस्तरवासियों के लिए भी एक उत्सव जैसा होगा, जहां राइडिंग का जुनून और बस्तर की सांस्कृतिक धरोहर एक साथ देखने को मिलेगी।

पंजीयन के लिए संपर्क
कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक प्रतिभागी व्हाट्सएप या कॉल के माध्यम से 6263437809 और 7240839494 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *