रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को पत्रकारों से बताचीत में कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर कड़ा जवाब देते हुए कहा है कि जिन लोगों ने पिछले पांच वर्षों तक केवल भ्रष्टाचार किया, उन्हें वर्तमान सरकार को नसीहत देने का कोई अधिकार नहीं है। मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “जिन लोगों ने 5 वर्षों तक केवल भ्रष्टाचार किया, वे हमें नसीहत देते हैं, यह शोभा नहीं देता।” उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही और प्रदेशवासियों के साथ-साथ अपने कार्यकर्ताओं को भी न्याय नहीं दिला सकी।
सीएम ने कहा कि उनकी सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल से जुड़े नए कानून को उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने वाला बताया। इसके साथ ही उन्होंने सरगुजा ओलिंपिक जैसे आयोजनों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये पहल युवाओं को मंच देने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के आरोपों को पूरी तरह निराधार करार देते हुए कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों का विश्वास ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत है।