दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के 24 नवंबर को प्रस्तावित दुर्ग प्रवास एवं विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन और लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) ललित चंद्राकर ने आज मरोदा रिसाली स्थित दुर्ग मंदिर मंच पर प्रस्तावित सभा स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विधायक चंद्राकर ने मौके पर उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों से कार्यक्रम की तैयारियों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने मंच व्यवस्था, अतिथियों एवं आम नागरिकों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा, पार्किंग, साफ-सफाई और यातायात प्रबंधन का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही सभी व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
विधायक ललित चंद्राकर ने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री के महत्वपूर्ण कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। आम नागरिकों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने और कार्यक्रम में शामिल होने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भी विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपते हुए आपसी समन्वय के साथ आयोजन को सफल बनाने की बात कही। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। इस प्रवास के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा, जिससे दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र को विकास की नई सौगात मिलने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्षगण, भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।