जामगांव आर । ग्राम पंचायत आगेसरा में सोमवार, 23 नवंबर को मितानिन दीदियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं ग्रामीण कोटवारों के सम्मान में गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीण क्षेत्र में वर्षों से निस्वार्थ भाव से जनसेवा करने वाले सेवाभावी कर्मियों के योगदान को सराहा गया। कार्यक्रम में मितानिन दीदियों के सेवाकाल के 25वें वर्ष में प्रवेश करने के अवसर पर उनके लंबे सेवाभाव, समर्पण और जनहित में किए गए कार्यों के लिए विशेष सम्मान किया गया। मितानिनों ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा जरूरतमंद परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इसी क्रम में महिला एवं बाल विकास, पोषण, बच्चों की देखभाल तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को भी सम्मानित किया गया। वहीं ग्राम स्तर पर अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने वाले ग्रामीण कोटवारों को भी उनके योगदान के लिए श्रीफल, शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सरपंच रमाकांत साहू ने कहा कि मितानिन दीदियां, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं कोटवार ग्रामीण व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ये सभी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए गांव के स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा और सामाजिक विकास में अहम योगदान देते हैं। इनके निस्वार्थ सेवाभाव और समर्पण को सम्मानित करना हम सभी के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने आगे कहा कि ग्राम पंचायत का उद्देश्य केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव और समाज के लिए समर्पित भाव से कार्य करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान करना और उनका उत्साहवर्धन करना भी है। ऐसे आयोजन समाज में सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि, पंचगण, मितानिन दीदियां, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, ग्रामीण कोटवार एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।