पाटन। डीकेएस कृषि महाविद्यालय, भाटापारा में 20 से 22 नवंबर 2026 तक आयोजित पूर्वी क्षेत्र अंतर-महाविद्यालयीन (जोनल) खेल-कूद प्रतियोगिता 2026 में कृषि महाविद्यालय, मर्रा (पाटन) के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कबड्डी एवं एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर कई पदक अपने नाम किए।
प्रतियोगिता में कृषि महाविद्यालय मर्रा के कुल 40 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 27 छात्र एवं 13 छात्राएं शामिल थीं। कबड्डी स्पर्धा में महाविद्यालय की बालिका टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। वहीं बालक कबड्डी टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक अपने नाम किया। एथलेटिक्स स्पर्धाओं में भी महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। बालिका रिले दौड़ में खेमलता मंडावी, अंजू ध्रुव, कामिनी एवं उर्वशी की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसी तरह बालक रिले दौड़ में कुणाल रावटे, नीलेश निषाद, कोमल भास्कर एवं केशव किशोर की टीम तृतीय स्थान पर रही।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में राकेश ने ऊंची कूद, कुणाल रावटे ने बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ तथा खेमलता मंडावी ने बालिका वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में तृतीय स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय के लिए उपलब्धि हासिल की। इस प्रकार विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर कृषि महाविद्यालय, मर्रा (पाटन) ने प्रतियोगिता में शामिल कुल आठ महाविद्यालयों के बीच समग्र रूप से चौथा स्थान प्राप्त किया।
महाविद्यालय की खेल टीम का नेतृत्व टीम मैनेजर इंजी. के. के. एस. महिलांग एवं डॉ. विनीता झोडापे, सहायक प्राध्यापक ने किया। महाविद्यालय के अधिष्ठाता ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विजेता खिलाड़ियों, प्रतिभागी छात्र-छात्राओं एवं टीम मैनेजरों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी तरह खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से कृषि महाविद्यालय, मर्रा (पाटन) में हर्ष एवं उत्साह का माहौल है।