जामगांव आर। भाजपा जामगांव आर मंडल अंतर्गत बेल्हारी के कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने शनिवार को दुर्ग सांसद विजय बघेल से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर बेल्हारी में भाजपा बूथ गठन के बाद नवनियुक्त बूथ अध्यक्ष रामसिंह बंसोड़ ने सांसद बघेल से आशीर्वाद लिया और मार्गदर्शन प्राप्त किया।
मुलाकात के दौरान उपसरपंच मनीष चन्द्राकर के नेतृत्व में पंचायत पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने सांसद बघेल को स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया। साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं से स्वीकृत विकास कार्यों के भूमिपूजन हेतु समय देने का निवेदन किया गया। बताया गया कि सांसद की अनुशंसा पर बेल्हारी में कई विकास कार्यों की स्वीकृति मिल चुकी है, जिनमें अनेक मोहल्लों के गलियों का सीमेंटीकरण, रामायण मंच डोम शेड, अतिरिक्त कक्ष निर्माण एवं शिवाजी सदन सामुदायिक भवन निर्माण आदि शामिल हैं।
★ संगठन की मजबूती और गांव की समृद्धि के लिये काम करते रहें -विजय बघेल
सांसद विजय बघेल ने उपस्थित कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन की सेवा और गांव को समृद्ध बनाने के लिए संकल्पित होकर काम करें उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। श्री बघेल ने आश्वासन दिया कि बेल्हारी गांव की मूलभूत आवश्यकताओं और विकास कार्यों के लिए वे हर संभव सहायता करते रहेंगे।
पूर्व सरपंच जितेश्वरी महमल्ला ने कहा कि इस मुलाकात के बाद भाजपा संगठन की मजबूती के साथ ग्राम विकास को भी बल मिला है ,इस दौरान यादमल गोलछा, रामसिंह बंसोड़, मंजुलाल भारती, हलधर महमल्ला, प्रदीप तोमर, सनत शर्मा, कुंदन सिन्हा, टाल सोनवानी, लता बंजारे, जितेंद्र धनकर, नीलकंठ बंजारे सहित अनेक ग्रामीण मौजूद थे।