वन मंत्री केदार पहुंचे जामगांव (एम), 23 करोड़ की लागत से बने लघु वनोपज प्रसंस्करण इकाई का किया निरीक्षण,कहा इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी…

(वन मंत्री ने एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को गति देने की अपील की )

पाटन– प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप ने शनिवार को दुर्ग जिले के पाटन विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम जामगांव (एम) में निर्माणाधीन केन्द्रीय प्रसंस्करण इकाई का निरीक्षण किया और अद्यतन कार्यों की समीक्षा की। इस अवसर पर दुर्ग सांसद विजय बघेल, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे,सभापति नीलम चन्द्राकर,पूर्व जिपंस हर्षा चन्द्राकर एवं जनपद पंचायत के प्रतिनिधि, तथा अन्य अधिकारी भी उनके साथ उपस्थित रहे।

लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत से 110 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही यह प्रसंस्करण इकाई लघु वनोपजों के संरक्षण, प्रसंस्करण और वितरण हेतु एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। वन मंत्री श्री कश्यप ने यहां विभिन्न इकाइयों में तैयार किए जा रहे उत्पादों की जानकारी ली और कहा कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोदामों में भंडारित वनोपज, मिलेट्स फसल, एवं प्रसंस्करण पश्चात् वितरण की प्रक्रिया की जानकारी ली। श्री कश्यप ने निर्माणाधीन संयंत्र का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण किया जाए, जिससे स्थानीय समुदाय को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।

वन मंत्री ने परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से पौधारोपण करने की अपील की। इस अवसर पर डीएफओ चंद्रशेखर परदेशी, एसडीएम लवकेश ध्रुव,भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश चन्द्राकर सहित अन्य विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधिगण भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *