जामगांव आर। पाटन ब्लॉक के उपतहसील जामगांव आर में पदस्थ अतिरिक्त तहसीलदार ममता टावरी के खिलाफ क्षेत्र के भाजपा नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। रविवार को पाटन ब्लॉक के ग्राम भरर में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपते हुए उनके स्थानांतरण की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक, जिला पंचायत सभापति कल्पना नारद साहू, जनपद उपाध्यक्ष कमलेश वर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि उपतहसील में किसानों और आम नागरिकों को राजस्व से जुड़े कार्यों के लिए लगातार परेशान होना पड़ रहा है तथा निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरे नहीं किए जा रहे हैं।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि यहां लोक सेवा गारंटी कानून का प्रभावी पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में जिला कलेक्टर और एसडीएम को जानकारी होने के बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं होना चिंताजनक है। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मामले में त्वरित हस्तक्षेप कर संबंधित अधिकारी का स्थानांतरण करने तथा व्यवस्था में सुधार लाने की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री श्री साय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया।