
किसानों की सुविधा और सहकारी सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जामगांव आर समिति से अलग कर बनाई गई नई समिति, नियुक्ति पर क्षेत्र में हर्ष
जामगांव आर। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सेवा सहकारी समिति जामगांव आर से ग्राम औनरी, बोरवाय, खोला एवं बासीन को पृथक कर नई सेवा सहकारी समिति बोरवाय पंजीयन क्रमांक 3442 का गठन किया गया है। नवगठित समिति के प्राधिकृत अधिकारी (अध्यक्ष) के रूप में ग्राम औनरी निवासी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता भगवान सिंह चंद्राकर को नियुक्त किया गया है। उप रजिस्ट्रार सहकारी संस्थाएं दुर्ग द्वारा यह नियुक्ति जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन एवं जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक की अनुशंसा पर की गई है।
उल्लेखनीय है कि जामगांव आर समिति से जुड़े गांवों की संख्या एवं किसानों की सुविधा को देखते हुए नई समिति बनाने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी उद्देश्य से चार गांवों को पृथक कर बोरवाय में नई सेवा सहकारी समिति स्थापित की गई है। इससे क्षेत्र के किसानों को धान विक्रय, टोकन, पंजीयन एवं अन्य सहकारी कार्यों के लिए अधिक सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी तथा जामगांव आर समिति पर कार्यभार भी कम होगा।
नवनियुक्त प्राधिकृत अध्यक्ष भगवान सिंह चंद्राकर ने अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों की सेवा और उनके हितों की रक्षा उनकी पहली प्राथमिकता होगी। शासन एवं सहकारिता विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समिति का संचालन करते हुए किसानों को समय पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन एवं जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक सहित सभी वरिष्ठजनों का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
भगवान सिंह चंद्राकर की नियुक्ति पर क्षेत्र के किसानों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।