पाटन। ग्राम पंचायत केसरा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। कार्यक्रम में गौरवपथ निर्माण, शीतला मंदिर सामुदायिक भवन, वार्ड क्रमांक 8 में सीसी रोड का भूमिपूजन तथा उपस्वास्थ्य केंद्र, पाल समाज भवन, पटेल समाज भवन एवं निषाद समाज में डोमशेड निर्माण का लोकार्पण शामिल रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि केसरा में मिले आत्मीय स्वागत और अभूतपूर्व उत्साह से वे अभिभूत हैं। उन्होंने ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “केसरा का सर्वांगीण विकास हमारी पहली प्राथमिकता रही है और आगे भी रहेगी।” उन्होंने दो वर्षों की भाजपा की डबल इंजन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज किसान, मजदूर, युवा, महिलाएं, अधिकारी-कर्मचारी एवं शिक्षक सहित हर वर्ग परेशान है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने बाबा गुरु घासीदास के सिद्धांतों पर चलते हुए छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने अध्यक्षीय उद्बोधन में भाजपा सरकार को किसानों की समस्याएं बढ़ाने वाली सरकार बताया। वहीं जिला पंचायत सदस्य नोमिन ठाकुर ने केसरा में विकास कार्यों की नींव रखने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार व्यक्त करते हुए ग्रामीण जनता का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में अशोक साहू (पूर्व उपाध्यक्ष), दिनेश साहू (जनपद सदस्य), राजेश ठाकुर (ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष), सोहन जोशी (जोन प्रभारी), पदमा सिन्हा (पूर्व सरपंच), गजानंद सिन्हा एवं तेजराम सिन्हा मंचासीन रहे। स्वागत उद्बोधन में सरपंच डॉ. ईश्वर प्रसाद निषाद ने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि 15वें वित्त की राशि पंचायतों को प्राप्त नहीं होने से सरपंचों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस अवसर पर पंचायत द्वारा प्रतिभावान छात्र-छात्राओं, मितानिनों एवं सक्रिय महिलाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन उपसरपंच बसंत सिन्हा ने किया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे, जिनमें लक्ष्मीनारायण पटेल, पवन पटेल, शिवकुमार साहू, कामेश कश्यप, माधो सिन्हा, सोमनाथ साहू, कमलेश पटेल, चेतन ठाकुर, सुकदेव निषाद सहित अनेक गणमान्य नागरिक शामिल थे।