पाटन। धीवर (ढीमर) समाज पाटन राज द्वारा समाज भवन में किचन शेड निर्माण की मांग को नगर पंचायत पाटन के अध्यक्ष श्री योगेश निक्की भाले ने संवेदनशीलता के साथ स्वीकार करते हुए अपने अध्यक्ष निधि से ₹3 लाख की राशि स्वीकृत की थी। इसी क्रम में आज ठाकुराइन टोला, पाटन में आयोजित धीवर समाज की वार्षिक आमसभा एवं आदर्श विवाह कार्यक्रम के अवसर पर किचन शेड निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया।
भूमिपूजन कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री श्री जितेन्द्र वर्मा एवं नगर पंचायत अध्यक्ष श्री योगेश निक्की भाले प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री श्री जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि समाज भवनों का सुदृढ़ीकरण सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूती देता है। नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा समाज की मांग पर त्वरित निर्णय लेकर निधि स्वीकृत करना सराहनीय कदम है। किचन शेड निर्माण से समाज के सामूहिक आयोजनों, विवाह कार्यक्रमों एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों के संचालन में सुविधा मिलेगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष श्री योगेश निक्की भाले ने कहा कि नगर पंचायत पाटन समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। धीवर समाज की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए अध्यक्ष निधि से किचन शेड निर्माण हेतु राशि स्वीकृत की गई है, जिससे समाज भवन और अधिक सुविधाजनक एवं उपयोगी बनेगा। कार्यक्रम में श्री केवल देवांगन (पार्षद एवं प्रभारी, लोक निर्माण विभाग पाटन), श्री टेमन लाल सपहा (अध्यक्ष, धीवर समाज पाटन राज), सरपंच श्रीमती गीतेश्वरी अतीस सपहा सहित पंचगण एवं समाज के प्रबुद्धजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।