रायपुर। रायपुर के लाभाण्डी क्षेत्र में स्थित आबकारी भवन में शनिवार देर शाम अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। यह घटना 7 फरवरी की रात करीब 8:30 बजे छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड के कार्यालय के तृतीय तल पर स्थित एक कक्ष में हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया गया है। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।
आग की चपेट में आकर कक्ष में रखे कंप्यूटर सिस्टम, प्रिंटर और यूपीएस पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि कार्यालय के सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रहे। जानकारी के अनुसार, फाइलें और नस्तियां लोहे की अलमारियों में रखी गई थीं, जिससे उन्हें आग से कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
गार्ड की सतर्कता से बची बड़ी अनहोनी
घटना के समय ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड को तृतीय तल से जलने जैसी गंध आई। स्थिति को भांपते हुए उसने तत्काल अन्य कर्मचारियों को सूचना दी और स्वयं मौके पर पहुंचकर भवन में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाया। यदि कुछ मिनट की भी देरी होती, तो आग अन्य कक्षों में फैल सकती थी और भारी नुकसान हो सकता था।
प्रारंभिक मुआयने में यह स्पष्ट हुआ कि आग केवल उसी कक्ष तक सीमित रही, जहां शॉर्ट सर्किट हुआ था। अन्य कमरों, फर्नीचर या भवन संरचना को कोई क्षति नहीं पहुंची। इस घटना में किसी कर्मचारी या सुरक्षा कर्मी के घायल होने की भी कोई सूचना नहीं है।
अधिकारियों ने किया निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलते ही उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और देर रात तक निरीक्षण कर आग लगने के कारणों व नुकसान का आकलन किया। इसके बाद रविवार सुबह पुनः निरीक्षण किया गया, जिसमें पुष्टि हुई कि किसी भी आवश्यक या संवेदनशील दस्तावेज को क्षति नहीं हुई है।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
हालांकि इस घटना में बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटना ने सरकारी भवनों में विद्युत सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विद्युत वायरिंग और सुरक्षा उपकरणों की व्यापक जांच की जाएगी।