दुर्ग। पाटन जनपद के समग्र विकास, महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं तथा केंद्र–स्थानीय समन्वय को लेकर जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर से महत्वपूर्ण एवं सार्थक चर्चा की। इस अवसर पर जिला कार्यालय दुर्ग में आयोजित केंद्रीय बजट संवाद कार्यक्रम में माननीया केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट, महिला सशक्तिकरण, बाल कल्याण एवं ग्रामीण विकास से संबंधित योजनाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम के समापन पश्चात जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक, मंत्री के साथ दुर्ग स्थित सर्किट हाउस पहुंचीं। इसके बाद वे वैशाली नगर विधायक श्री रिकेश सेन के कार्यालय भी गईं, जहां पाटन जनपद की विकास आवश्यकताओं, प्रस्तावित कार्यों तथा केंद्र एवं स्थानीय स्तर पर बेहतर समन्वय को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।
चर्चा के दौरान माननीया केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने जनपद अध्यक्ष श्रीमत नायक को अपने कार्यालय आमंत्रित किया, ताकि पाटन जनपद से जुड़े विकास प्रस्तावों पर शीघ्र एवं ठोस कार्यवाही की जा सके। साथ ही “आत्मनिर्भर भारत” की भावना के अनुरूप केंद्र सरकार और जनपद पंचायत के बीच समन्वय को और अधिक मजबूत करने पर सहमति बनी।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के दुर्ग जिला अध्यक्ष श्री सुरेंद्र कौशिक, भिलाई जिला अध्यक्ष श्री पुरुषोत्तम देवांगन, श्रीमती अलका बाघमार, श्री मनोज तिवारी सहित भाजपा के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक ने कहा कि पाटन जनपद का सर्वांगीण विकास, महिलाओं एवं बच्चों का सशक्तिकरण तथा केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।