रायपुर | बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। 243 में से 202 सीटों पर NDA की ऐतिहासिक बढ़त के बाद जहां भाजपा खेमे में जश्न का माहौल है, वहीं कांग्रेस ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर एक बार फिर गंभीर आरोप लगाए हैं। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और बिहार चुनाव के सीनियर ऑब्जर्वर भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए निर्वाचन आयोग पर धांधली के आरोप लगाए।
◆बघेल बोले—‘ये करिश्मा केवल निर्वाचन आयोग ही कर सकता है’
X पर पोस्ट करते हुए भूपेश बघेल ने लिखा, “मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बिहार चुनाव में जीत की बधाई। आपने बहुत मेहनत की—64 लाख मतदाताओं के वोट काटे, 16 लाख आवेदन आए और 21 लाख वोट जोड़ दिए। धांधली पर धांधली, बेहिसाब धांधली। भाजपा को आपसे अच्छा सहयोगी नहीं मिल सकता।”
उन्होंने कहा कि यदि आवेदन 16 लाख हों और 21 लाख नए मतदाता जोड़ दिए जाएं तो यह ‘चमत्कार’ सिर्फ चुनाव आयोग ही कर सकता है। बघेल ने इसे लोकतंत्र के खिलाफ सबसे बड़ा अपराध बताया।
◆BJP का पलटवार: ‘हार का दर्द कांग्रेस से पचा नहीं जा रहा’
बघेल के आरोपों पर CM विष्णुदेव साय के मीडिया सलाहकार पंकज कुमार झा ने कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा, “गलती से भी जीत मिले तो राहुल गांधी श्रेय लेने पहुंच जाते हैं, और हार होने पर भूपेश बघेल को आगे कर दिया जाता है। यह अनुचित है। हार की जिम्मेदारी सबसे पहले राहुल गांधी को लेनी चाहिए।”
इधर मुख्यमंत्री साय ने अपने मंत्रिमंडल के साथ मिठाई बांटकर NDA की जीत पर खुशी जताई और इसे लोगों के भरोसे की जीत बताया। डिप्टी सीएम अरुण साव बोले हार जिम्मेदारी राहुल गांधी ले । यहबिहार की जनता के सुशासन पर मुहर है
◆ कांग्रेस का आरोप—‘चुनाव आयोग ने सत्तारूढ़ दल के साथ मिलकर चुनाव लड़ा’
छत्तीसगढ़ कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने भी चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि आयोग ने भाजपा के इशारों पर काम किया। उन्होंने कहा, “मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट की खुली धज्जियां उड़ाते हुए महिलाओं को ₹10,000 ट्रांसफर किए गए। SIR के नाम पर लाखों वोट काटे गए। यह लोकतंत्र की हत्या है।”
◆ बिहार चुनाव में NDA 202 सीटों के साथ रिकॉर्ड जीत
तेजस्वी यादव राघोपुर से 12 हजार वोटों से जीत गए, जबकि तेजप्रताप यादव महुआ से चुनाव हार गए। जे.जे.डी. (JJD) ने तेजप्रताप की हार के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा—“तेजस्वी फेलस्वी हो गया, RJD को जयचंदों ने खत्म किया।”
पीएम मोदी ने NDA की जीत को ‘सुशासन की जीत’ बताया। सम्राट चौधरी और ललन सिंह ने नीतीश कुमार से मुलाकात कर उन्हें ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई दी।
◆ नतीजों के बीच बढ़ी सियासी गर्मी
एक तरफ NDA बिहार में अपनी सबसे बड़ी जीत का जश्न मना रहा है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस और महागठबंधन लगातार चुनाव आयोग की प्रक्रियाओं पर सवाल उठा रहे हैं। दोनों खेमों के बयानों से साफ है कि बिहार की राजनीतिक लड़ाई अब नतीजों के बाद भी खत्म नहीं होने वाली है।