दुर्ग/भिलाई। दुर्ग के राजीव भवन में शनिवार को कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला, जहां दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहर और भिलाई शहर के तीनों नए जिला कांग्रेस अध्यक्षों ने बड़े समारोह में पदभार ग्रहण किया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। इस कार्यक्रम में मंच से भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस नेताओं ने तीखे हमले बोले। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि “भाजपा के दो साल के शासन ने प्रदेश में हिटलरशाही जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। जनता अंग्रेजों के जमाने जैसी पीड़ा झेल रही है। सरकार प्रदेश की संपदा और उद्योगों को निजी कंपनियों, खासकर बड़े उद्योगपतियों के हाथों सौंपने की तैयारी कर रही है, जिसमें रक्षा क्षेत्र भी शामिल है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा ‘देश बेचने वाली नीतियों’ का विरोध करती आई है और आगे भी करती रहेगी। बघेल ने तीनों नए जिलाध्यक्षों को संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और भाजपा की जनता विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज करने की नसीहत दी। उन्होंने बताया कि 14 दिसंबर को दिल्ली में “वोट चोर, गद्दी छोड़” रैली आयोजित की जा रही है, जिसमें दुर्ग से भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।
• कांग्रेस अब मैदान में—बैज बोले, सरकार हर मोर्चे पर फेल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस के इतिहास में पहली बार जिला अध्यक्षों की नियुक्ति कार्यकर्ताओं की राय के आधार पर हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब जिला, विधानसभा, ब्लॉक और बूथ स्तर पर भाजपा सरकार की “तानाशाही नीतियों”, बढ़े बिजली बिल, जमीन गाइडलाइन दरों में वृद्धि, और किसानों व युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सड़क पर उतरकर लड़ाई लड़ेगी। सरकार के दो साल पूरे होने पर बैज ने तंज कसते हुए कहा—“यह सरकार जीरो पर है। युवा बेरोजगार, किसान परेशान, कर्मचारी आंदोलित और आम जनता त्रस्त है।” उन्होंने महासमुंद में टोकन न मिलने पर किसान की आत्महत्या को सरकार की नाकामी बताया।
• ग्रामीण जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर—“जनता की लड़ाई और मजबूती से लड़ेंगे”
दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने बताया कि मई 2025 में नियुक्ति के बाद किसानों, मजदूरों और बिजली बिल जैसे मुद्दों पर चार बार कलेक्टर घेराव किया गया। उन्होंने कहा, “संगठन के सभी ब्लॉकों के सहयोग से मेरा नाम सर्वसम्मति से चुना गया है। हम जिलेभर में जनता की लड़ाई और मजबूती से लड़ेंगे।”
• दुर्ग शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल—“सरकार को जगाने के लिए आंदोलन तेज करेंगे”
दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि उनकी प्राथमिकता शहर में मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार धान खरीदी, बिजली बिल और जमीन गाइडलाइन जैसे मुद्दों पर पूरी तरह विफल रही है। संगठन को वार्ड और बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा और आंदोलन लगातार जारी रहेंगे।
•|भिलाई शहर अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर—“2028 में कांग्रेस की बड़ी जीत सुनिश्चित”
भिलाई शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि पिछले कार्यकाल में भिलाई निगम में कांग्रेस ने बहुमत हासिल किया था और 2028 के विधानसभा चुनाव में भी भिलाई से बड़ी जीत मिलेगी। उन्होंने कहा कि “भाजपा सरकार से हर वर्ग परेशान है और यही 2028 में कांग्रेस की जीत का आधार बनेगा।”
• दुर्ग की राजनीति की हमेशा रही निर्णायक भूमिका—वरिष्ठ नेता
पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा कि दुर्ग राजनीति में हमेशा निर्णायक रहा है और यहां से दो मुख्यमंत्री भी बने हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के “काले कानूनों” और “जनविरोधी निर्णयों” के खिलाफ कांग्रेस पूरी मजबूती से लड़ेगी।
दुर्ग-भिलाई में शक्ति प्रदर्शन के साथ कांग्रेस ने 2028 के चुनावों के लिए संगठन को फिर से मैदान में उतारने का संदेश दे दिया है।